देव दीपावली पर पंच सरोवर मंदिर में दीपों की गंगा, विधायक संजय यादव ने की आरती 

Advertisements

देव दीपावली पर पंच सरोवर मंदिर में दीपों की गंगा, विधायक संजय यादव ने की आरती 

 2100 दीपों से नहाया गईता पोखरा तट

डीजे न्यूज, पलामू : हुसैनाबाद ब्लॉक रोड स्थित पंच सरोवर मंदिर में बुधवार की शाम देव दीपावली के अवसर पर भक्ति और प्रकाश का अद्भुत संगम देखने को मिला। गईता पोखरा के तट पर हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विधायक सह राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, महासचिव रवि यादव और छठ पूजा समिति के अध्यक्ष भोला विश्वकर्मा ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और भव्य गंगा आरती में शामिल हुए।

कार्यक्रम में योगाचार्य एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक विनोद प्रसाद और इतिहासकार डॉ. अंगद प्रसाद ने भी गंगा आरती की। पूरे परिसर में करीब 2100 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा क्षेत्र आलोकित हो उठा।

इस अवसर पर विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था, जिसके उपलक्ष्य में देवताओं ने दीप जलाकर देव दीपावली मनाई थी। उन्होंने कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है।

पूजा समिति के अध्यक्ष भोला विश्वकर्मा ने बताया कि भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर नगरवासियों ने स्वागत में दीप जलाए थे, तभी से यह परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा — “जहां अज्ञान है, वहां दुख और भय है, लेकिन जहां ज्ञान का दीपक जलता है, वहां ब्रह्म का बोध होता है।”

उन्होंने बताया कि पंच सरोवर मंदिर परिसर में यह आयोजन साल 2011 से लगातार भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर घर में आज के दिन कम से कम पांच दीप अवश्य जलाएं।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अखिलेश प्रसाद यादव, डॉ. निरंजन प्रसाद, रामजन्म सिंह चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता मौजूद थे। पूरे परिसर में भक्ति, प्रकाश और उत्साह का ऐसा नजारा था, जिसने सभी को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top