



लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को सरना धर्म महासम्मेलन में आने का दिया न्योता
डीजे न्यूज, रांची :
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को आगामी “अंतर्राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन-2025” में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु सादर आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के शुभ अवसर पर यह महासम्मेलन 3, 4 और 5 नवम्बर 2025 को टीटीपीएस ललपनिया, बोकारो स्थित लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अनुयायी तथा सामाजिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और आस्था हमारी पहचान है, और ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और धार्मिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।
मुलाकात के दौरान उपस्थित प्रतिनिधि:
इस अवसर पर लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के अध्यक्ष बबुली सोरेन, सचिव लोबिन मुर्मू, मिथिलेश किस्कू, बिंदे सोरेन (मांझी बाबा, जमशेदपुर), सुरेन्द्र टुडू, बुधन सोरेन, सुखराम बेसरा, मेघराज मुर्मू, संतोष हेंब्रम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
