

बाइक से जैन यात्रियों को ढोने वाले बाइकर्स की पुलिस ने की पिटाई, मधुबन थाना पर विरोध प्रदर्शन 
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पारसनाथ पहाड़ पर बाइक से जैन यात्रियों को ढोने वाले बाइकर्स के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ लिया है। इसे लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया है। बाइक चालक व ग्रामीणों ने शनिवार देर रात मधुबन थाना गेट पर विरोध प्रदर्शन किया और मधुबन पुलिस के खिलाफ विरोध दर्ज किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मधुबन पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया और विभिन्न प्रकार के मनमानी का आरोप लगाया। सैकड़ों की संख्या में बाइक चालक व ग्रामीणों मधुबन पुलिस पर बाइक चालक से मुद्रामोचन का भी आरोप लगाया।
बताया जाता है कि पारसनाथ पहाड़ पर वाहन परिचालन पर रोक के बावजूद सवारी ढोने का काम चल रहा है।वन विभाग और स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से पहाड़ के रास्ते पुलिस के सामने से वाहनों का आवागमन खुलेआम होता है। रोज सैकड़ों बाइक पहाड़ पर चढ़ता है और जैन यात्री को ढोया जाता है। इस क्रम में दर्जनों घटनाएं भी होती है। शनिवार को भी वसूली के क्रम में पुलिस ने मारपीट की है। इस तरह का आरोप है।अब पारसनाथ पहाड़ के रास्ते में बाइक चालक के साथ मारपीट के बाद मामला आंदोलन में बदल गया। आरोप है कि मधुबन पुलिस के द्वारा शनिवार को पहाड़ के रास्ते बाइक चालक से मारपीट की गई।मारपीट में सिंहपुर निवासी बाइक चालक अशोक महतो घायल हो गया। घायल अशोक महतो के हाथ मे चोट लगी है। ग्रामीणों द्वारा सीएचसी पीरटांड़ में घायल का इलाज भी करवाया गया है।बाइक चालक के साथ मारपीट का मामला इंटरनेट मीडिया में आते ही ग्रामीणों के बीच आक्रोश बढ़ गया।मधुबन पुलिस की आलोचना भी खूब हुई। देखते ही देखते आक्रोशित ग्रामीण मधुबन थाना पहुँचकर जमकर विरोध जताया।सेकड़ो की संख्या में बाइक चालक व ग्रामीणों ने थाना गेट पर खूब बवाल मचाया। ग्रामीणों ने मधुबन पुलिस हाय हाय, बाइक चालक से वसूली करना बंद करो, पुलिस की मनमानी नही चलेगी जैसे नारेबाजी कर विरोध जताया।बाईक चालकों ने कहा कि पुलिस वसूली भी करती है, मारपीट भी करती है। कहा कि दोहरा रवैया बर्दास्त नही किया जायेगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मामले को लेकर वार्ता का प्रयास किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक बाइक चालक व ग्रामीण थाना गेट पर डटे थे। जबकि वार्ता के लिये एक प्रतिनिधिमंडल मधुबन थाना के अंदर पहुंची है।
