मधुबन में सेवा भारती का प्रशिक्षण वर्ग शुरू, महिला कार्यकर्ताओं को मिल रहा सेवा का संस्कार

Advertisements

मधुबन में सेवा भारती का प्रशिक्षण वर्ग शुरू, महिला कार्यकर्ताओं को मिल रहा सेवा का संस्कार

 

सेवा से बदल सकता है समाज : गुरुशरण प्रसाद

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : सेवा भारती, झारखंड के तत्वावधान में छह दिवसीय चार्य व किशोरी विकास सेवा प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ गिरिडीह के मधुबन स्थित तलेटी तीर्थ क्षेत्र कल्पवृक्ष धर्मशाला में हुआ। वर्ग का उद्घाटन क्षेत्र सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस प्रशिक्षण वर्ग में शिक्षा कार्य से जुड़ी सेवाव्रती महिला कार्यकर्ताओं को गुणवत्ता विकास, नेतृत्व क्षमता, शिक्षण की सरल पद्धति, तथा सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि छोटी-छोटी विधाओं के माध्यम से सेवा कार्य करके हम समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। सेवा भारती अपने विविध सेवा आयामों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रही है चाहे वह सेवा बस्तियों के बच्चों को संस्कारित शिक्षा देना हो या अभावग्रस्त महिलाओं को स्वावलंबन का प्रशिक्षण देना। उन्होंने कहा कि सेवा के जरिए शिक्षित, समृद्ध और स्वस्थ समाज का निर्माण ही हमारा लक्ष्य है। वर्गाधिकारी प्रो. सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सेवा कार्य से व्यक्तित्व के विकास और आत्मिक उन्नति का अवसर मिलता है। सेवा की साधना और तप से भारतीय संस्कृति आज भी अडिग है।

संघ शताब्दी वर्ष पर सेवा विस्तार का आह्वान

प्रांतीय आचार्य सेवा प्रशिक्षण वर्ग में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झारखंड प्रांत सेवा प्रमुख मुकेश रंजन सिंह ने संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सेवा कार्य विस्तार पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें सभी चिन्हित सेवा बस्तियों, पंचायतों और प्रखंडों तक पहुँचना है। गृह संपर्क, हिंदू सम्मेलन और सामाजिक सद्भाव बैठकों में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रेरक सत्रों में मिली नई दिशा

किशोरी विकास केंद्र संचालन विषय पर अनुपमा सिन्हा, निशी जयसवाल और कंचन प्रभा ने प्रशिक्षण दिया। वहीं नीतू सिन्हा ने भगिनी निवेदिता का जीवन परिचय और रश्मि मिश्रा ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए। प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख रमाकांत दूबे ने सेवा कार्य प्रारंभ करने से पूर्व बस्ती सर्वेक्षण और बस्ती समिति निर्माण की प्रक्रिया समझाई।

वर्ग में योगासन, वंदना, मंत्रोच्चार और खेल-कूद जैसे सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सचिव मनोज छापड़िया, नम्रता गुप्ता, लवकेश उपाध्याय और जयनंदन तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top