
तिसरी में फंदे से लटकता मिला महिला का शव, मायके वालों ने किया हंगामा
डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के बेलवाना पंचायत स्थित प्रसनवा गांव में बुधवार की अहले सुबह एक महिला का शव संदेहास्पद स्थिति में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान प्रसनवा गांव निवासी कमरुल अंसारी की 34 वर्षीय पत्नी तेहरुन निशा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कमरुल अंसारी केरल में काम करते हैं और उनकी पत्नी तेहरुन निशा अपने चार बच्चों के साथ ससुराल में रहती थी। पारिवारिक कलह के कारण तेहरुन निशा ने अहले सुबह जब घर के लोग सो रहे थे, उसी समय अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी और तिसरी पुलिस व बेलवाना पंचायत के मुखिया को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आए। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले और बेलवाना के मुखिया पति उमर फारूक भी थाना पहुंचे। मायके वालों ने कुछ देर तक हंगामा किया, लेकिन जब आत्महत्या की जानकारी सामने आई, तो वे शांत हो गए।
पुलिस ने इस मामले में यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। इधर, घटना के बाद से मृतका की मां, बहन और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।