


बालीवुड कलाकार इनायत शर्मा जागरण डांडिया नाइट में गुरुवार को धनबाद में और शुक्रवार को गिरिडीह में मचाएंगी धमाल
– धनबाद के पंचशील धैया में और गिरिडीह के सर्कस मैदान में होगा कार्यक्रम, प्रवेश निःशुल्क
डीजे न्यूज, धनबाद : मां दुर्गा के स्वागत को कोयलांचल तैयार है। नवरात्र उत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है। दैनिक जागरण परिवार की ओर से हर साल की तरह इस बार भी डांडिया नाइट का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को धनबाद के पंचशील गेस्ट हाउस धैया में शाम 6: 30 बजे से यह आयोजन होगा। बालीवुड कलाकार इनायत शर्मा कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होंगी, जो अपनी कला प्रस्तुत कर इस शाम को यादगार बनाएंगी। इनायत शर्मा अपने नृत्य और अदाओं से समा बांधेंगी। मंच पर उनका साथ बालीवुड गरबा बैंड के कलाकार देंगे। भक्ति और उत्साह की इस शाम को सिर्फ गुजराती समाज ही नहीं बल्कि अन्य समाज के गणमान्य लोग आएंगे। यहां पर वे गरबा और डांडिया के रंग में रंगे नजर आएंगे। इस कार्यक्रम में सबसे सुंदर पोशाक में आए जोड़े को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन की मुख्य प्रायोजक हब इंडिया रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। आयोजन में प्रवेश पास के जरिए होगा। निश्शुल्क पास प्राप्त करने लिए के दैनिक जागरण कार्यालय पंचशील गेस्ट हाउस धैया से सुबह 11 से चार बजे के बीच प्राप्त किया जा सकता है। इसी तरह हब इंडिया रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सरायढेला से भी निश्शुल्क पास प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं शुक्रवार 26 सितंबर को गिरिडीह के सर्कस मैदान में दैनिक जागरण का भव्य डांडिया नाइट कार्यक्रम होगा। वहां भी तैयारी अंतिम चरण मेंं है। गिरिडीह में भी बालीवुड कलाकार इनायत शर्मा धूम मचाएंगी। दैनिक जागरण के गिरिडीह कार्यालय से निश्शुल्क पास प्राप्त किया जा सकता है।
इसके बाद 27 सितंबर को देवघर के वियोरे गार्डेन मॉल के पास आयोजित डांडिया नाइट में अनुराधा यादव अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगी।
आयोजन समिति के अनुसार, हर दिन अलग-अलग थीम पर डांडिया नाइट का माहौल सजाया जाएगा। इसके लिए भव्य मंच, लाइटिंग और साउंड सिस्टम की विशेष व्यवस्था की गई है। डांडिया नाइट में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की उम्मीद की जा रही है। परिवार और दोस्तों के साथ लोग पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर नवरात्रि की इस सांस्कृतिक शाम का आनंद उठा सकेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे, जिससे माहौल और भी रंगीन हो जाएगा। जागरण डांडिया नाइट न केवल मनोरंजन का मंच बनेगा, बल्कि यह समाज को सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का भी प्रयास है। आयोजकों का कहना है कि नवरात्रि के इस पर्व पर संगीत और नृत्य के माध्यम से लोगों को एकता और उत्सवधर्मिता का संदेश दिया जाएगा।
