

सांसद खेल महोत्सव दुमका के युवाओं को नई दिशा और पहचान देगा : बाबूलाल
दुमका में सांसद खेल महोत्सव का आगाज, नमो साइक्लोथॉन और फुटबॉल मैच ने बढ़ाया उत्साह
डीजे न्यूज, दुमका : दुमका संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव का ऐतिहासिक और गरिमामयी शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना, उनमें खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रनिर्माण की चेतना जगाना है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति से माहौल जोश और उत्साह से भर गया।
सुबह 7 बजे डीसी चौक से नमो साइक्लोथॉन का शुभारंभ हुआ, जो टावर चौक, गांधी मैदान और म्युनिसिपालिटी चौक होते हुए इंडोर स्टेडियम परिसर तक संपन्न हुआ। इस यात्रा में युवाओं, कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा और नारों के बीच साइकिल सवारों का स्वागत हुआ। आयोजन ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
फुटबॉल मैच
सुबह 9 बजे बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम में रोमांचक फुटबॉल मैच खेला गया। खिलाड़ियों ने उम्दा खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दर्शक दीर्घा से गूंजती तालियों और नारों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का मार्ग है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव दुमका के युवाओं को नई दिशा और पहचान देगा।
उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, भाईचारा और टीमवर्क का प्रतीक है, जो राष्ट्र को सशक्त और समाज को संगठित बनाते हैं। दुमका के युवा ऊर्जा और प्रतिभा से भरे हुए हैं, सांसद खेल महोत्सव उनके लिए अवसर और पहचान का मंच है।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
मौके पर पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद, सुनील सोरेन, जिलाध्यक्ष गौरवकांत, सुरेश मुर्मू, अंजुला मुर्मू, अमिता रक्षित, जिला ओलंपिक संघ के सचिव वरुण कुमार, पवन केसरी, विवेकानंद राय, मृणाल मिश्रा, बबलू मंडल, गुंजन मरांडी, धर्मेंद्र सिंह बिट्टू, पिंटू अग्रवाल, मुकेश कुमार, सोनी हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
