

खुखरा थाना में शांति समिति की बैठक
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : खुखरा थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना था। इसमें दोनों समुदायों के लोगों के साथ-साथ दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया।
बैठक में थाना प्रभारी निरंजन कच्छप ने कहा कि दुर्गा पूजा को हर्षोल्लास से मनाने की तैयारी चल रही है। पूजा पंडालों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा कर रणनीति बनाई गई।
इस दौरान समिति के सदस्यों और समाजसेवियों से यह भी जानकारी ली गई कि पूर्व में दुर्गा पूजा कैसे आयोजित होती रही है और इस वर्ष किन सुधारों की आवश्यकता है।
बैठक में केशव पाठक, दिग्विजय यादव, प्रकाश दास, महेंद्र यादव, संजय गोस्वामी, संजय मंडल समेत कई लोग मौजूद रहे।
