पीरटांड़ ब्लॉक- अंचल कार्यालय में हंगामा, जनप्रतिनिधियों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

Advertisements

पीरटांड़ ब्लॉक- अंचल कार्यालय में हंगामा, जनप्रतिनिधियों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) :
पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय मंगलवार को हंगामे का गवाह बना। करीब एक दशक बाद फिर से भ्रष्टाचार और लापरवाही को लेकर बवाल हुआ। इस बार आंदोलन की अगुवाई जनप्रतिनिधियों ने की। प्रमुख सबिता टुडू के पति मनोज हेंब्रम और पालगंज पंचायत समिति सदस्य योगेंद्र तिवारी अचानक ब्लॉक और अंचल कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों व कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें चेंबर से बाहर निकाल दिया।

दोनों प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि ब्लॉक और अंचल कार्यालय में आम जनता का कोई काम नहीं हो रहा है। विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन और मईया सम्मान योजना के लाभुक महीनों तक चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन उन्हें लाभ नहीं मिल पा रहा। साथ ही, जाति, आवासीय और जन्म प्रमाणपत्र जैसे कामों में भी धांधली और मनमानी का आरोप लगाया गया।

मनोज हेंब्रम ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ, तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीरटांड़ आदिवासी बहुल इलाका है, लेकिन यहां की जनता हमेशा उपेक्षा और धोखे का शिकार होती रही है।

अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी ने इस पूरे प्रकरण पर कहा कि बिना सूचना दिए इस तरह का हंगामा करना उचित नहीं है। उस समय वे जिला मुख्यालय में मीटिंग में थे। सूचना मिलते ही वे ब्लॉक पहुंचे और कहा कि यदि कोई समस्या है तो प्रशासन समाधान के लिए हमेशा तैयार है। पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top