

1925 में छह अक्टूबर को खरगडीहा पहुंचे थे गांधी जी और सात अक्टूबर को गिरिडीह होते हुए मधुपुरे गए थे
ऐतिहासिक प्रवास की स्मृतियों को जीवंत करने भव्य गांधी-शताब्दी समारोह का होगा आयोजन
खरगडीहा से पचंबा तक होगी पदयात्रा, गांधी विचार और दर्शन पर संगोष्ठी, खेलकूद प्रतियोगिताएं व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : महात्मा गांधी के गिरिडीह आगमन को सौ वर्ष पूरे होने पर अक्टूबर 2025 में यहां भव्य गांधी-शताब्दी समारोह आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर सोमवार को नए परिसदन भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन समिति के संयोजक कृष्णकांत और सह संयोजक कृष्ण मुरारी शर्मा ने विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी 6 अक्टूबर 1925 को देवघर से वर्तमान गिरिडीह जिले के खरगडीहा पधारे थे। वहां से गिरिडीह होते हुए उन्होंने दो दिनों का प्रवास किया और 7 अक्टूबर को गिरिडीह से मधुपुर की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान गांधीजी ने यहां की जनता, संस्कृति और परिवेश की सराहना की। उन्होंने आमजन को खादी अपनाने, स्वावलंबी बनने और स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया। गांधीजी के इस प्रवास ने गिरिडीह के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी।
समारोह का उद्देश्य
आयोजन समिति ने कहा कि गांधीजी के आगमन के सौ वर्ष पूरे होने का यह अवसर गिरिडीह के लिए ऐतिहासिक गौरव का पल है। गांधी-शताब्दी समारोह का उद्देश्य न केवल उनकी यात्रा से जुड़ी स्मृतियों को संजोना है, बल्कि बच्चों और युवाओं को अपनी समृद्ध विरासत एवं सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना भी है।
होंगे कई सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम
समारोह मुख्य रूप से खरगडीहा और गिरिडीह में आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत गांधी विचार और दर्शन पर संगोष्ठी, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दो दिवसीय पदयात्रा (खरगडीहा से पचम्बा तक) आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।
समिति का गठन
गांधी-शताब्दी समारोह के सफल आयोजन के लिए 31 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इसमें सतीश कुंदन, बैद्यनाथ, बैजनाथ प्रसाद बैजू, रामदेव विश्वबंधु, उमेश तिवारी, सुरेश शक्ति, अरुण शर्मा, आलम अंसारी, रोहित दास, जयकुमार मिश्र, बद्री दास, नवीन सिन्हा, प्रो. बलभद्र, प्रो. प्रफुल्ल सिंह सहित कई प्रबुद्धजन शामिल हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति के संयोजक कृष्णकांत और सह संयोजक कृष्ण मुरारी शर्मा के अलावा पत्रकार राकेश सिन्हा, लक्ष्मी अग्रवाल, आलोक रंजन, रितेश सराक, प्रभाकर, सुनील मंथन शर्मा, विलियम जैकब, समाजसेवी धरणीधर प्रसाद, शंकर पाण्डेय, राजेश सिन्हा, रामजी यादव, मनुवर हसन बंटी, सैयद सबीह अशरफ, दिलीप मंडल, चन्दर वर्मा और दिवस कुमार भी उपस्थित रहे।
