

खेलो झारखंड प्रतियोगिता में बरियारपुर खुखरा के विद्यार्थियों का जलवा
15 स्वर्ण, 12 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय हुआ गौरवान्वित
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : खेलो झारखंड 2025-26 के अंतर्गत आयोजित प्रखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्लस टू पंचायत उच्च विद्यालय बरियारपुर खुखरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय ने कुल 15 स्वर्ण, 12 रजत एवं 5 कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया।
कबड्डी, शतरंज और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। शतरंज अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में परिणीति कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं योगा अंडर-17 बालिका वर्ग में राबिया खातून ने 100 मीटर, 400 मीटर दौड़, ऊँची कूद और ट्रिपल जंप में स्वर्ण जीतकर सबका ध्यान आकर्षित किया।
इसके अलावा शांति कुमारी, रोशन ठाकुर, निशा कुमारी, राहुल सिंह, राजकुमार यादव, टुंपा कुमारी, मनोज टुडू सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता उपरांत विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। प्रखंड बीपीओ भोला कुमार राय ने विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर टिंकू कुमार, सीआरपी आशीष कुमार, शिक्षक अनिल मिस्त्री एवं राजकुमार भारती विशेष रूप से उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी सफलता की कामना की।
