जब विधायक गुलदस्ता देकर डीसी का स्वागत करने लगे तो कैसे बचेगा प्रोटोकॉल : सुदेश

Advertisements

जब विधायक गुलदस्ता देकर डीसी का स्वागत करने लगे तो कैसे बचेगा प्रोटोकॉल : सुदेश

 

 बोकारो में तो नेताओं के बीच होड़ लग गई थी कि कौन मृतक विस्थापित के आश्रितों को अधिक पैसा दिला सकता है 

हेमंत सरकार पर जमकर बरसे आजसू प्रमुख

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद का न्यू टाउन हॉल। मौका था आजसू का मिलन समारोह। मुख्य अतिथि थे पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो। विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी पराजय और वोट बैंक बिखरकर टाइगर जयराम महतो के पास जाने के बाद सुदेश महतो पहली बार धनबाद में किसी बड़ी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे।

सभा रूपी इस समारोह में हार के गम से से बाहर निकलकर पुराने तेवर में खुद को दिखाने की सुदेश महतो ने पूरी कोशिश की। कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी यह संदेश दिया कि हारे जरूर हैं, लेकिन मैदान नहीं छोड़े हैं। मिलन समारोह में भाजपा एवं टाइगर जयराम महतो के कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कर साफ कर दिया कि पार्टी के विस्तार में वह किसी से अब समझौता नहीं करेंगे। सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना तो साधा ही साथ ही बिना नाम लिए भाजपा के भी कुछ नेताओं पर निशाना साधा। आजसू प्रमुख ने कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि कोई नया डीसी जब पहुंचता है तो उसका स्वागत विधायक गुलदस्ता लेकर उसके दफ्तर पर जाकर करता है। पांच लाख की जनता का प्रतिनिधि यदि एक डीसी का गुलदस्ता लेकर स्वागत करेगा तो डीसी और दूसरे अधिकारियों का मन तो बढ़ेगा ही।

यही कारण है कि डीसी समझता है कि प्रोटोकॉल को घर में रखकर काम करो। बोकारो में एक विस्थापित की पुलिस फायरिंग में मौत की चर्चा करते हुए कहा कि नेताओं में तो यह होड़ लग गई कि कौन अधिक मुआवजा दिला सकेगा। एक नेता अधिकारी के कमरे से निकलता था तो दूसरा पहुंच जाता था। यही कारण है कि डीसी से लेकर बीडीओ तक के दफ्तर और घर की दीवार बहुत ऊंची हो गई है। इस दीवार को हमें आंदोलन के माध्यम से नीचे करना होगा। अफसरों को जनता के बीच जमीन पर बैठाकर दिखाना होगा। अफसर बेलगाम हो चुके हैं। वह समझते हैं कि पैसे के बल पर वह सब कर लेंगे। सुदेश ने कहा कि वह ऐसे अफसरों को कदमताल 15 साल पहले करा चुके हैं।

झामुमो पर हमला करते हुए आजसू अध्यक्ष ने कहा कि गुरुजी ने धनबाद में उसूलों के आधार पर पार्टी खड़ी की लेकिन आज वही पार्टी वसूली की पार्टी बनकर रह गई है। झारखंड में रोज नए घोटाले का खुलासा होता है। बाहर में राज्य की यही पहचान बनकर रह गई है।

सुदेश महतो ने कहा कि गुरुजी शराबबंदी के पक्षधर थे, आज हेमंत सरकार उनके निधन के एक महीने के अंदर शराब का ठेका शुरू करने के लिए परेशान थी। सरकार जिन मुद्दों को लेकर चुनाव जीतकर पहुंची थी, धीरे-धीरे उसे ही बंद करती जा रही है। चुनाव से पहले मंईयां सम्मान योजना के लिए कुछ और नियम थे और चुनाव जीतने के बाद कुछ और नियम हो गए। आज राज्य में 18 लाख महिलाओं का नाम काट दिया गया। क्या हेमंत सोरेन मंच से आकर इसका जवाब दे पाएंगे कि आखिर इन महिलाओं का नाम क्यूं काटा गया। उन्होंने कहा कि सीओ-बीडीओ तक पर सरकार का नियंत्रण नहीं है। ब्लॉक का कर्मचारी म्यूटेशन करने का रिश्वत तय करता है। सुदेश महतो ने दो दर्जन से अधिक नेताओं को माला पहनाकर आजसू की सदस्यता दिलाई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मंटू महतो ने की। इस मौके पर पूर्व विधायक लंबोदर महतो, महासचिव प्रवीण प्रभाकर, महासचिव संतोष कुमार महतो, विनय कुमार सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, संजीव सिंह, वाणी देवी, जिप उपाध्यक्ष सरिता देवी, हलधर महतो कुल्लू चौधरी, हीरालाल महतो समेत अन्य उपस्थित थे।

 

धनबाद की धरती से उलगुलान करेगी आजसू

आजसू अध्यक्ष ने कहा कि धनबाद की धरती से शोषित विस्थापितों की लड़ाई शिबू सोरेन, बिनोद बिहारी महतो और एके राय ने मिलकर शुरू की। उसके बाद से कोयलांचल में कोई नेतृत्व निकलकर नहीं आया। उन्होंने कहा कि त्यौहार के मौसम के बाद सुदेश महतो धनबाद की धरती से एक और शोषित पीड़ितों की लड़ाई लड़ेगा। इस बार ऐसे शासन के खिलाफ आंदोलन की शुरुआज आजसू करेगी। आजसू कार्यकर्ताओं को इस आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

 

कोयले में दबकर मर रहे लोग, धनबाद के जनप्रतिनिधि खामोश

 

सुदेश महतो ने कहा कि धनबाद में जान सस्ती है। चाल धंसने पर लोग मर रहे हैं और उन्हें वहीं छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यहां लोग मर रहे हैं लेकिन यहां के जनप्रतिधियों के मुंह से आह तक नहीं निकलती है। यहां वर्षों से झरिया जल रही है लेकिन लोगों का धंधा चल रहा है। बीसीसीएल इसके लिए जिम्मेवार है। धनबाद सबसे अधिक राजस्व देता है लेकिन यहां सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है। यहां लोग प्रदूषण झेलकर बीमार हो रहे हैं। धनबाद में मैथन डैम है लेकिन यहां के लोग गर्मी में पानी के लिए तरस रहे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top