

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स चुनाव : गिरिडीह के वोटरों को साधने में जुटे तुलसी पटेल
20 सदस्यों के साथ पहुंचे गिरिडीह, व्यापारिक समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाकर मतदाताओं को लुभाया
डीजे न्यूज, गिरिडीह : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स, रांची के आगामी 21 सितंबर को होने वाले चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो गया है। इसी क्रम में टीम तुलसी पटेल के 22 में से 20 सदस्य रविवार को गिरिडीह पहुंचे और स्थानीय मतदाताओं से समर्थन मांगा।
कार्यक्रम की शुरुआत चैंबर ऑफ कॉमर्स गिरिडीह के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने अतिथियों का स्वागत कर किया। इसके बाद टीम के प्रत्याशियों ने बारी-बारी से अपना परिचय दिया और गिरिडीह के मतदाताओं से वोट करने की अपील की। मौके पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, चेंबर के पूर्व अध्यक्ष गुणवंत सिंह मोंगिया, उद्योगपति अरविंद राजगढ़िया, राजेंद्र भारतीय समेत कई सदस्य उपस्थित रहे। गिरिडीह की विभिन्न समस्याओं पर व्यापारियों ने प्रत्याशियों का ध्यान आकृष्ट किया, जिस पर फेडरेशन के वर्तमान अध्यक्ष परेश गट्टानी और उम्मीदवार तुलसी पटेल ने समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में लगभग 70 मतदाता मौजूद रहे। अंत में गिरिडीह चैंबर के सचिव प्रमोद कुमार ने सभी प्रत्याशियों, सदस्यों और मीडिया का आभार प्रकट किया।
