


सड़क हादसे में घायल महिला ने तोड़ा दम, दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया
डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : प्रखंड की बरहमसिया पंचायत अंतर्गत झांझ निवासी जितेंद्र वर्मा की पत्नी सुनीता देवी (30 वर्ष) का इलाज के दौरान गुरुवार सुबह बोकारो के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।
परिजन बिनोद वर्मा ने बताया कि सुनीता देवी बीते शनिवार को करमा पूजा मनाने मायके नईटांड़ (थाना जमुआ) जा रही थीं। इसी दौरान तुलसीडीह गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जबकि उनकी छह वर्षीय पुत्री सोनम कुमारी, तीन वर्षीय पुत्र सोनू कुमार वर्मा और भाई सूरज कुमार वर्मा (25 वर्ष) भी जख्मी हुए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सुनीता देवी को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया, लेकिन परिजन उन्हें सीधे बोकारो के एक निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मां की मौत से दो मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
