

महिला सुरक्षा को लेकर जामताड़ा में नया कदम, पिंक पेट्रोलिंग से बढ़ेगा आत्मविश्वास
स्कूल–कॉलेज और बाजारों में महिला पुलिस की गश्ती, महिलाओं ने जताई खुशी
डीजे न्यूज, जामताड़ा : महिला सुरक्षा को लेकर जामताड़ा पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता के निर्देश पर सोमवार को महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी ने पिंक पेट्रोलिंग की शुरुआत की। इसके तहत महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से शहर के प्रमुख इलाकों में गश्त करेंगी।
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि पिंक पेट्रोलिंग के तहत स्कूल, कॉलेज और बाजारों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी तरह की छेड़खानी या आपत्तिजनक गतिविधि की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि अक्सर स्कूल–कॉलेज के बाहर लड़के बाइक से रेसिंग करते हैं और छात्राओं को परेशान करते हैं। इस समस्या को दूर करने और महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा देने के लिए यह पहल की गई है।
जिले में पहली बार शुरू हुई इस व्यवस्था को लेकर महिला एवं छात्राओं में उत्साह और संतोष देखा जा रहा है। स्थानीय महिलाओं ने कहा कि पिंक पेट्रोलिंग से अब वे शहर में खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगी।
