
लगातार बारिश ने सुरबांध के बलदेव का छीना आशियाना
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : लगातार हो रही बारिश ने रघुनाथपुर पंचायत के असुरबांध गांव के गरीब किसान बलदेव मंडल का आशियाना छीन लिया। गुरुवार रात बारिश से भीगा मिट्टी का घर अचानक ढह गया, जिससे बलदेव और उनका परिवार बेघर हो गया।
बलदेव मंडल खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर होने के कारण अब उनके सामने विकट परिस्थिति उत्पन्न हो गई है। घर के मलबे के बीच परिवार जैसे-तैसे गुजारा कर रहा है।
पीड़ित बलदेव मंडल ने घटना की जानकारी पंचायत के मुखिया को दी है और प्रशासन से पीएम आवास या अबुआ आवास योजना के तहत पक्का घर उपलब्ध कराने की मांग की है।
गांव के लोगों का कहना है कि बरसात के इस मौसम में बलदेव के परिवार को तत्काल राहत मिलनी चाहिए, वरना स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।