
हर रात के बाद सवेरा होता है, बस मेहनत और विश्वास के साथ डटे रहना चाहिए
कई बार सफलता के दरवाजे तक पहुंचकर पिछड़ने वाले तन्मय महतो नहीं मानी हार, जेपीएससी में 82वां रैंक हासिल कर लिया दम
शिक्षक के बेटे ने बढ़ाया मान, तन्मय महतो बने डिप्टी कलेक्टर
डीजे न्यूज, नाला (जामताड़ा) : कुंडहित प्रखंड अंतर्गत पाथरचुड़ गांव के तन्मय कुमार महतो ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की संयुक्त परीक्षा में 82वां स्थान हासिल कर डिप्टी कलेक्टर बनने की उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्सव का वातावरण बना हुआ है।
तन्मय मध्य विद्यालय सियरकटिया के प्रधानाध्यापक रोहित कुमार महतो के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई कुंडहित के आदर्श मध्य विद्यालय, दसवीं सिंघवाहिनी उच्च विद्यालय, और इंटरमीडिएट डीएवी बोकारो से की। बाद में उन्होंने हेरीटेज इंस्टीट्यूट से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। हालांकि प्रारंभ में उनकी रुचि इंजीनियर बनने की थी, लेकिन कॉलेज के दौरान ही उनका झुकाव सिविल सेवा की ओर हुआ। वर्ष 2019 में इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद वे पूरी तरह से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए। इस सफर में उन्होंने कई उतार-चढ़ाव का सामना किया। 7वीं से लेकर 10वीं जेपीएससी तक कई बार अंतिम सूची के बेहद करीब पहुंचकर भी असफल रहे। एक बार तो डॉक्यूमेंट संबंधित त्रुटि से बाहर होना पड़ा। 69वीं बीपीएससी में भी वे इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम सूची से सिर्फ 9 अंक से चूक गए। लेकिन तन्मय ने कभी हार नहीं मानी। लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर अंततः 11वीं से 13वीं जेपीएससी संयुक्त परीक्षा में 82वां रैंक प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर बन गए।
एक साक्षात्कार में तन्मय ने कहा हर रात के बाद सवेरा होता है, बस मेहनत और विश्वास के साथ डटे रहना चाहिए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय दादाजी प्रभाकर महतो (सेवानिवृत्त विज्ञान शिक्षक), पिता रोहित महतो, माता विष्णु प्रिया महतो, भाई डॉ. चिन्मय महतो (रिम्स रांची से एमबीबीएस) और अपने दोस्तों और मार्गदर्शकों को दिया।
फिलहाल तन्मय एक प्राइवेट कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाते हैं, और कई छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं। उनकी इस सफलता पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों द्वारा लगातार बधाइयों का तांता लगा हुआ है।