
अटल क्लीनिक का नाम बदलने के खिलाफ भाजयुमो का विरोध प्रदर्शन, हेमंत सोरेन का पुतला दहन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड सरकार द्वारा अटल क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा क्लिनिक किए जाने के फैसले के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह इकाई ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
कार्यकर्ताओं ने पहले झंडा मैदान में एकत्र होकर वहां से पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे, जहां जोरदार नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने इस दौरान कहा,
“यह सरकार एक तानाशाही रवैया अपना रही है। अटल जी के नाम से चल रहे स्वास्थ्य सेवा केंद्र का नाम बदलना उनकी विरासत और योगदान का अपमान है। यह सिर्फ एक नाम नहीं, झारखंड राज्य निर्माण के इतिहास से जुड़ी भावना है।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार जनता को मूल मुद्दों से भटका रही है और युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से छल कर रही है। भाजयुमो नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि यह नाम परिवर्तन राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है, जिससे झारखंड के नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन में संदीप कुमार देव, विवेक गुप्ता (विक्की), श्रेयांश, सौरव, कुंदन सिंह, आलोक केसरी, संजीव कुमार, गोपी कुमार, ओम कुमार, अभिषेक कुमार, अंकित कुमार, रमेश चंद्रवंशी, अमित तर्वे, सचिन सिंह, रोहित वर्मा, ईशू गुप्ता, अमन सिंह, राहुल कुमार, निखिल कुमार, संतोष यादव, अनुज कुमार, मनीष कुमार, राघव कुमार, शिवम कुमार, सोनू कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजयुमो के कार्यकर्ता शामिल थे। भाजपा युवा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार ने अपने निर्णय को वापस नहीं लिया, तो राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।