पंचायत उन्नति सूचकांक में जामताड़ा टॉप फाइव में शामिल उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला व कुंडहित प्रखंड को मिला प्रशस्ति पत्र

Advertisements

पंचायत उन्नति सूचकांक में जामताड़ा टॉप फाइव में शामिल

उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला व कुंडहित प्रखंड को मिला प्रशस्ति पत्र

डीजे न्यूज, जामताड़ा : झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI.O) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जामताड़ा जिले को जिला स्तर पर एवं कुंडहित को प्रखंड स्तर पर प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। रांची में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान जिला परिषद अध्यक्षा राधारानी सोरेन और उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।

रांची में पंचायती राज विभाग, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जामताड़ा जिले को पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI.O) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टॉप 5 जिलों में स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही, कुंडहित प्रखंड को भी प्रखंड स्तर पर शीर्ष 5 में स्थान मिला।

जिला स्तर पर यह सम्मान जिला परिषद अध्यक्षा राधारानी सोरेन और उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार को प्रदान किया गया, जबकि स्वस्थ पंचायत विषय में कुंडहित प्रखंड के खजुरी पंचायत के मुखिया एवं बीडीओ द्वारा प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए पहली बार जारी की गई पंचायत उन्नति सूचकांक रिपोर्ट ने साक्ष्य आधारित ग्रामीण विकास को गति दी है। राज्य के 4345 में से 4281 पंचायतों ने सक्रिय भागीदारी के साथ अपने डेटा प्रविष्ट किए, जो ग्रामीण शासन में जागरूकता और उत्तरदायित्व का परिचायक है।

पीएआई को स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों (LSDG)के 9 प्रमुख विषयों पर आधारित रूप से डिजाइन किया गया है, जैसे—गरीबी उन्मूलन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण, जल सुरक्षा, सामाजिक न्याय, सुशासन और बुनियादी ढांचे का विकास। यह सूचकांक पंचायतों की समग्र प्रगति का मापदंड बन गया है।

राज्य स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार, लोहरदग्गा जिले ने 59.37% स्कोर के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जामताड़ा ने 53.91% स्कोर के साथ पंचम स्थान हासिल किया। थीम-2 (स्वस्थ पंचायत) विषय पर राज्य ने सर्वश्रेष्ठ प्रगति दर्ज की, जिसमें जामताड़ा की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।

प्रखंड स्तर पर कुंडहित प्रखंड के खजुरी पंचायत को भी पंचम स्थान मिला, जो स्थानीय स्तर पर प्रशासन और सामुदायिक भागीदारी की सफलता का परिचायक है।

इस उपलब्धि से प्रेरणा लेते हुए जिला प्रशासन ने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी पंचायतों को लक्षित रूप से कार्य करने का आह्वान किया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top