




जामताड़ा के नारोडीह को मिला डिग्री कॉलेज, शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रखा कॉलेज की आधारशिला, बेटियों को मिलेगा आगे बढ़ने का मौका
डीजे न्यूज, जामताड़ा : नारायणपुर प्रखंड के नारोडीह में बुधवार को शिक्षा का नया अध्याय शुरू हुआ जब झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने डिग्री कॉलेज का शिलान्यास किया। यह कॉलेज वर्षों से लंबित उस मांग का जवाब है जो क्षेत्र के छात्र-छात्राएं और अभिभावक लगातार उठा रहे थे।
शिक्षा का दीपक सिद्धू-कान्हू को समर्पित
डॉ. अंसारी ने इस कॉलेज को सिद्धू-कान्हू जैसे आदिवासी बलिदानियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह संस्थान स्थानीय युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेगा। उन्होंने इसे एक सिर्फ शिलान्यास नहीं, बल्कि शिक्षा क्रांति का आरंभ बताया।
बेटियों को नहीं जाना पड़ेगा बाहर
डॉ. अंसारी ने कहा कि अब बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सपना साकार हुआ।
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना
अपने भाषण में डॉ. अंसारी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर प्रहार करते हुए कहा कि “राज इसलिए मिला था कि झारखंड का विकास हो, लेकिन सत्ता गलत हाथों में चली गई। अब हम रुकने वाले नहीं हैं।” उन्होंने याद दिलाया कि हाल ही में बगरूडीह में महिला डिग्री कॉलेज की शुरुआत के बाद अब नारोडीह को भी उच्च शिक्षा का केंद्र मिल गया है।
विश्वविद्यालय और प्रशासन का मिला सहयोग
सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. कुनुल कंदीर ने कहा कि यह संस्थान ग्रामीण प्रतिभाओं को उभारने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने हर स्तर पर शैक्षणिक और संस्थागत सहयोग का आश्वासन दिया।
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि यह कॉलेज नारायणपुर क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और विकास का आधार बनेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने कहा कि शिक्षा से समाज में शांति, सुरक्षा और समझ का विस्तार होता है।
बेटियों के सपनों की पहली सीढ़ी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि यह कॉलेज बेटियों के लिए सपनों की पहली सीढ़ी साबित होगा। उन्होंने मंत्री की दूरदृष्टि और संवेदनशीलता की सराहना की।
छात्राओं में दिखा उत्साह
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं और स्थानीय युवा शामिल हुए। कई छात्राओं ने मंच से भावुकता के साथ मंत्री डॉ. अंसारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब उन्हें बिना डर और संकोच के अपने भविष्य की कल्पना करने का अवसर मिलेगा।
नारोडीह के लिए ऐतिहासिक दिन बना
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और महागठबंधन के कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। आज का दिन न केवल नारोडीह और नारायणपुर, बल्कि पूरे जामताड़ा जिले के लिए ऐतिहासिक बन गया। यह कॉलेज आने वाले वर्षों में सामाजिक बदलाव और जागरूकता की नई रौशनी लेकर आएगा।
