
लाल झंडे के गढ़ में नगर निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने ठोंका दावा
चिरकुंडा नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष के लिए प्रत्याशी देगी कांग्रेस : अनुपमा सिंह
डीजे न्यूज, धनबाद : लाल झंडे के गढ़ निरसा में नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने दावा ठोंक दिया है। धनबाद लोकसभा क्षेत्र की पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी व चिरकुंडा नगर परिषद कांग्रेस की प्रभारी अनुपमा सिंह ने कहा है कि चिरकुंडा नगर परिषद के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी देगी। कांग्रेस न सिर्फ प्रत्याशी देगी बल्कि जीत का परचम भी लहराएगी। अनुपमा ने सोमवार को चिरकुंडा में कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। विदित हो कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यहां भाकपा माले को समर्थन दिया था।
अनुपमा सिंह ने कहा कि चिरकुंडा में संगठन कमजोर होने की शिकायत उन्हें बराबर मिल रही थी, लेकिन आज यहां आकर पता चला कि जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस यहां मजबूत हुई है। इस मौके पर कांग्रेस व राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता सुरेश चंद्र झा ने कहा कि न सिर्फ चिरकुंडा नगर परिषद बल्कि पूरे निरसा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस एक बड़ी ताकत है। जरूरत है कांग्रेसियों को एकजुट होने की। जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब गांव-गांव में मजबूत हुई है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने संगठन को और मजबूत करने पर बल दिया। बैठक को पूर्व जिला परिषद सदस्य दुर्गा दास, शशिभूषण नाथ तिवारी, शशिभूषण तिवारी आदि ने संबोधित किया।