
गिरिडीह कॉलेज के तीन कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में तीन शिक्षणेत्तर कर्मियों अर्जुन मंडल, बसंत सिंह तथा दिलीप श्रीवास्तव (चतुर्थवर्गीय कर्मचारी) के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन शनिवार को किया गया। यह आयोजन कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार ने कहा,
“आगमन और प्रस्थान जीवन का सार्वभौमिक सत्य है। कोई भी व्यक्ति अपने कार्यकाल में जितना योगदान देता है, वह याद किया जाता है। समय के साथ पद छोड़ दिए जाते हैं, पर उनके व्यवहार, कर्मठता और कार्यशैली की स्मृतियाँ हमेशा बनी रहती हैं।”
मंच संचालन का दायित्व डॉ. बलभद्र सिंह ने निभाया। उन्होंने तीनों कर्मियों के सेवाकाल की विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए उनके समर्पण, ईमानदारी और सहयोगपूर्ण रवैये की सराहना की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए भावुक क्षणों को याद किया और कॉलेज परिवार के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में डॉ. एम.एन. सिंह, बालेन्दु शेखर त्रिपाठी, डॉ. गुलाम समदानी, विश्राम घासी, पंकज प्रियदर्शी, शैलेश प्रसाद, सुधीर बास्के, रणधीर प्रसाद वर्मा सहित कॉलेज के सभी शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूरे वातावरण में विदाई की भावुकता के साथ-साथ तीनों कर्मियों के प्रति सम्मान और स्नेह झलकता रहा।