धनबाद में सड़क हादसे में मजदूर की मौत, मुआवजा की मांग को लेकर परिजनों ने कंपनी गेट पर दिया धरना

धनबाद में सड़क हादसे में मजदूर की मौत, मुआवजा की मांग को लेकर परिजनों ने कंपनी गेट पर दिया धरना

हिंदुस्तान फ्यूल्स के सामने शव रखकर प्रदर्शन, कामकाज ठप

डीजे न्यूज,राजगंज,धनबाद : राजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय मजदूर गोपाल राय की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हिंदुस्तान फ्यूल्स कंपनी के गेट के सामने शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।

घटना कोलकाता-दिल्ली मुख्य मार्ग पर डोमनपुर के पास घटी, जब अंकुरा निवासी गोपाल राय ड्यूटी से लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची राजगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर SNMCH धनबाद भेजा।

ड्यूटी से लौटते समय हुई दुर्घटना:

मृतक के परिजनों का कहना है कि गोपाल राय पिछले आठ वर्षों से कल्याणपुर, बरवाअड्डा स्थित श्री श्याम आयरन स्टील (हिंदुस्तान फ्यूल्स) में कार्यरत थे। हादसा भी ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ, इसलिए कंपनी की जवाबदेही बनती है।

धरने में जुटे ग्रामीण:

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर हिंदुस्तान फ्यूल्स गेट पर पहुंचे और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों में जिला परिषद प्रतिनिधि दिलीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। गुस्साए लोगों ने कंपनी गेट खुलवाकर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया और कामकाज बंद करवा दिया।

अब तक नहीं हुई कोई वार्ता:

समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच कोई बातचीत नहीं हो पाई थी। परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक उचित मुआवजा और नौकरी की घोषणा नहीं की जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन की भूमिका भी अब सवालों के घेरे में है कि कब तक लापरवाह ड्राइविंग और असुरक्षित सड़कें मजदूरों की जान लेती रहेंगी।

स्थानीय प्रशासन और कंपनी प्रबंधन पर अब सबकी नजरें टिकी हैं कि वे पीड़ित परिवार के साथ क्या रुख अपनाते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top