
ऑटो से उतर रही महिला को बाइक ने मारी टक्कर, पैर में आई गंभीर चोट
डीजे न्यूज, पीरटांड़, (गिरिडीह): गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर पालगंज मोड़ के पास गुरुवार को एक महिला सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। करंदो गांव निवासी महिला जब ऑटो से उतर रही थी, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुटे और पीरतांड थाना को सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए पीरतांड पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर थाना प्रभारी दीपेश कुमार, पंसस योगेंद्र तिवारी, राहुल दास और संजय राम मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत मदद पहुंचाई और स्थिति को संभाला।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पालगंज मोड़ पर बढ़ते यातायात और लापरवाह ड्राइविंग पर चिंता जताई है और प्रशासन से यहां सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक सवार की तलाश जारी है।