
80 अधिकारी व कर्मियों को मिला रेल सेवा पुरस्कार
डीजे न्यूज, धनबाद : रेल प्रेक्षागृह धनबाद में 69 वां रेल सप्ताह समारोह के उपलक्ष्य में बुधवार को रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ डीआर एम कमल किशोर सिन्हा, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष गरिमा सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर की। समारोह में 80 अधिकारी व कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए डीआर एम ने कहा कि माल लदान तथा आय अर्जन में धनबाद मंडल भारतीय रेल के सभी मंडलों में प्रथम स्थान पर है l इस ऐतिहासिक उपलब्धियों को अर्जित करने की नींव कठोर परिश्रम करने वाले रेलकर्मी ही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ निर्धारित मानकों के कारण सीमित कर्मचारियों को ही पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने उन रेलकर्मियों को भी बधाई दिया जो अवार्ड विजेता नहीं बन पाए परन्तु जिनका योगदान किसी भी स्तर पर कम नही है।उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान धनबाद मंडल द्वारा कुल 190 मिलियन टन का लदान किया गया तथा लगभग 25000 (पच्चीस हज़ार) करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करते हुए पूरे भारतीय रेल मे प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ – साथ यात्री आय से लगभग 450 (चार सौ पच्चास) करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में मंडल के आधारभूत संरचना के विकास में कई महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुए है। इस दौरान धनबाद मंडल द्वारा 65 किलोमीटर ट्रैक का दोहरीकरण तथा 90 किलोमीटर 3rd लाइन के निर्माण का कार्य पूरा किया गया। इसके साथ ही, मंडल के 29 स्टेशनों का यार्ड रिमॉडलिंग, 31 स्टेशनों पर नॉन इंटरलॉकिंग तथा 217 किमी ट्रैक के विद्युतीकरण का कार्य किया गया। कोडरमा- न्यू गिरिडीह रेलवे लाइन में जमुआ स्टेशन तथा नवलसाही हाल्ट स्टेशन का कमीशन किया गया। विभिन्न स्टेशनों पर 18 लिन टू शेड (lean to shed) का निर्माण भी किया गया। टोरी, राय एवं प्रधानखंटा लिंक स्टेशन के प्लेटफार्म विस्तारीकरण का कार्य किया गया। सेमी हाई स्पीड ट्रेनों की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा को देखते हुए 78 किलोमीटर रेलवे ट्रैक के किनारे चाहरदीवारी का निर्माण किया गया है। गोमोह, पारसनाथ, सिंगरौली तथा गढ़वा रोड में स्वचालित टिकेट वेंडिंग मशीन की सुविधा शुरू की गई। पारसनाथ, खुलदिल रोड, बिल्ली जंक्शन, बंधुआ, डाल्टनगंज तथा चौधरीबांध स्टेशन पर पैदल उपरिगामी पुल (FOB) का निर्माण कार्य किया गया तथा पहाडपुर स्टेशन पर फूट ओवरब्रिज का विस्तार किया गया। धनबाद तथा सिंगरौली स्टेशन पर यात्री शेड एवं हीरोडीह, सरमाटांड और यदुडीह स्टेशनों पर छोटे यात्री शेड का निर्माण किया गया। 13 स्टेशनों पर दिव्यांग शौचालय का निर्माण किया गयाl साथ ही, भूली, गझंडी, दिलवा, गुरपा एवं टोरी स्टेशनों में दिव्यांग यात्रियों के लिए पेयजल केंद्र, प्रवेश रैंप, बेंच आदि की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यात्री सुविधाओं को देखते हुए धनबाद चंद्रपुरा पैसेंजर गाड़ी (03331/32) का परिचालन 10 जनवरी 2024 से प्रारंभ किया गया।