छात्रों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. इंद्रजीत कुमार

छात्रों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. इंद्रजीत कुमार

खेलों में भाग लेने से छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है : प्रो मुकेश दास 

राष्ट्रीय खेल दिवस पर डिग्री कॉलेज टुंडी में खेल संगोष्ठी एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : हॉकी के महान खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में डिग्री कॉलेज टुंडी में शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” की थीम के अंतर्गत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा खेल शपथ लेकर की गई। इसके पश्चात “युवाओं के सर्वांगीण विकास और स्वास्थ्य में खेलों का महत्व” विषय पर खेल संगोष्ठी आयोजित की गई।

संगोष्ठी के वक्ता एवं खेल सचिव प्रोफेसर मुकेश कुमार दास ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मानसिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। नियमित रूप से खेलों में भाग लेने से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हमें मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन, समर्पण और अनुशासन से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा महाविद्यालय की खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद महाविद्यालय के खेल मैदान में कबड्डी (महिला एवं पुरुष) तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और खेल भावना को बढ़ावा देना रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top