



54 किग्रा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम क्षेत्र में मंगलवार को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के तहत प्रवर्तन अभियान चलाया गया। सभी अंचलों में निगम की संयुक्त टीमों ने बाजारों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर औचक निरीक्षण किए।
अभियान में कुल 135 निरीक्षण किए गए, जिनमें से 45 मामलों में प्लास्टिक प्रतिबंध अधिसूचना का उल्लंघन पाया गया। उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। निगम टीमों ने विभिन्न स्थानों से लगभग 54 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया तथा पर्यावरण क्षतिपूर्ति और जुर्माने के रूप में कुल 13,300 रुपये वसूल किए।
अभियान धनबाद, कतरास, छाताटांड़, झरिया एवं सिंदरी सभी अंचलों में दिनभर चला। निगम द्वारा बताया गया कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमों एवं स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के निर्देशों के अनुरूप यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। भविष्य में भी कड़ी औचक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निगम ने नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित SUP का उपयोग व भंडारण तुरंत बंद करें। इसके बजाय कपड़े, कागज या जूट के थैले जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाएं तथा स्वच्छ धनबाद के लक्ष्य में सहयोग दें।



