


तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से दर्जी की मौत, नंबर प्लेट से वाहन की तलाश में पुलिस

डीजे न्यूज, बिरनी,गिरिडीह : रांची–देवघर–दुमका मुख्य मार्ग पर बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी गांव में शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे भीषण सड़क दुर्घटना में एक कपड़ा सिलाई कारीगर की मौत हो गई। सरिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
बताया जाता है कि रात का समय और सड़क सुनसान होने का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो चालक भागने में सफल रहा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का नंबर प्लेट टूटकर बाइक में फंस गया और घटनास्थल पर ही रह गया। दुर्घटना में बाइक सवार को वाहन करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घरों से बाहर निकले। ग्रामीणों ने घायल बाइक सवार की पहचान जितकुंडी निवासी 58 वर्षीय कपड़ा सिलाई कारीगर बासुदेव साव के रूप में की। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साकिब जमाल और डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज पुलिस बल के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर रात में थाना लाया और शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे बासुदेव साव
परिजनों व ग्रामीणों ने बताया कि बासुदेव साव की बरहमसिया में कपड़ा सिलाई की दुकान है। शुक्रवार को भी वे रोज की तरह दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। घर के पास ही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक बाइक समेत उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए भाग निकला।
ग्रामीणों ने पुलिस से स्कॉर्पियो के नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सबिया देवी, पुत्र उमेश, दिनेश, उमाशंकर और पुत्री रीना देवी शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों का कहना था कि बासुदेव साव ने अभी एक साल पहले ही सिलाई की दुकान शुरू की थी।
ग्रामीणों के सहयोग से शनिवार शाम को ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



