36 वार्डों से 3600 शिकायतें जुटाकर नगर निगम को सौंपेगी भाकपा माले
5 सितंबर से चलेगा अभियान : राजेश सिन्हा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा ने गिरिडीह नगर निगम की कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं को लेकर 5 सितंबर, शिक्षक दिवस से महाअभियान शुरू करने की घोषणा की है। अभियान के पहले चरण में नगर निगम के सभी 36 वार्डों से करीब 3600 लिखित आवेदन एवं शिकायतें एकत्र कर उन्हें बोरे में भरकर नगर निगम कार्यालय को सौंपने की तैयारी है।
राजेश सिन्हा ने कहा कि नगर निगम को जनता की समस्याओं के प्रति और अधिक सक्रिय करने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं और शिकायतों को लिखित रूप में दो प्रतियों में तैयार रखने की अपील की है। एक प्रति नगर निगम को सौंपी जाएगी, जबकि दूसरी प्रति अभियान के दौरान निगरानी के लिए रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान होने तक उनकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह से ही हैं और इसका लाभ शहर के विकास के लिए उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री तक कई मामलों की पूरी जानकारी नहीं पहुंचती है। ऐसे में भाकपा माले जनता से जुड़े मुद्दों और जमीनी हकीकत को सामने लाने का काम करेगा।
सिन्हा के अनुसार अभियान के दौरान सबसे पहले सभी 36 वार्डों में पार्षदों एवं आम जनता की ओर से पूर्व में की गई शिकायतों की जानकारी जुटाई जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि शिकायतों पर नगर निगम ने अब तक क्या कार्रवाई की और जनता उस कार्रवाई से कितनी संतुष्ट है।
उन्होंने कहा कि नाली, गली, साफ-सफाई और जल-जमाव जैसी समस्याओं पर नगर निगम में की गई शिकायतों और उनकी कार्रवाई का हिसाब मांगा जाएगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के माध्यम से जवाब मांगा जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि अभियान के अगले चरण में आवास योजना में कथित अनियमितता एवं घूसखोरी के मामलों को सामने लाया जाएगा। इसके अलावा सीसीएल, पंचायत, उसरी नदी, रेलवे, टैक्स और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को भी चरणबद्ध तरीके से उठाया जाएगा।
राजेश सिन्हा ने कहा कि भाकपा माले जनता के बीच से भय की भावना को दूर करने और जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के पूर्व नेता केबी सहाय के कार्यकाल में अस्पताल, गिरिडीह कॉलेज, खंडोली डैम और हवाई अड्डे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं बनीं, जबकि बाद के दौर में कई घोषणाएं हुईं।
उन्होंने वर्तमान नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मंत्री विकास के लिए काम कर रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रोटोकॉल के तहत गलत कार्यों का विरोध करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में सवाल उठाना और गलत का विरोध करना ही उनकी राजनीति की खूबसूरती है।