11 दिन बाद भी नहीं मिला जवाब, न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र-छात्राएं

Advertisements

11 दिन बाद भी नहीं मिला जवाब, न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र-छात्राएं

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया की 16 वर्षीय छात्रा पायल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के 11 दिन बीत जाने के बावजूद मामले का खुलासा नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी के विरोध में शनिवार को परिजनों, ग्रामीणों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शहर में विशाल कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग बुलंद की।

झंडा मैदान से शुरू हुआ कैंडल मार्च टावर चौक तक पहुंचा, जहां पायल की तस्वीर के समक्ष मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग वाले पोस्टर और तख्तियां हाथों में लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच की मांग की।

मार्च में मृतका के पिता जागेश्वर दास, परिवार के सदस्य शिवा दास, राजू दास और संजय दास समेत सैकड़ों ग्रामीण तथा छात्र-छात्राएं शामिल हुए। पूरे रास्ते न्याय दिलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की गई।

पायल के पिता जागेश्वर दास ने कहा कि उनकी बेटी एक मेधावी और होनहार छात्रा थी तथा वह आत्महत्या जैसा कदम कभी नहीं उठा सकती थी। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की।

वहीं पायल की सहपाठी छात्राओं ने कहा कि इस घटना ने छात्राओं के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक मामले का खुलासा नहीं होता, तब तक छात्राओं के मन में डर बना रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रतीकात्मक रूप से एक अपराधी का पुतला बनाकर टावर चौक पर फांसी के फंदे से लटकाया और दोषियों को कठोर दंड देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और उपायुक्त रामनिवास यादव से मामले में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कैंडल मार्च के दौरान परिजन और ग्रामीण लगातार एक ही मांग दोहराते रहे कि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि दोषियों को सजा मिले और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top