





10 करोड़ की सड़क पर उठे सवाल, खिजरी में पीएमजीएसवाई कार्य के विरोध में भूख हड़ताल

डीजे न्यूज, तिसरी (गिरिडीह) : तिसरी प्रखंड अंतर्गत खिजरी से बन रही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का आरोप लगा है। यह सड़क खिजरी होते हुए केंदुआ, बस्तीकुरा व बड़ूलिया थंबाचक तक बनाई जानी है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य में गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। पिचिंग के दौरान पर्याप्त मात्रा में अलकतरा का उपयोग नहीं किया गया, वहीं चटाई के ऊपर ही सड़क की पिचिंग कर दी जा रही थी। अनियमितता देख ग्रामीणों ने तत्काल काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार ने निर्माण कार्य सही ढंग से करने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद भी गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ। इससे नाराज ग्रामीण पहले अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे और अब शुक्रवार को पुनः अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे राजकुमार शर्मा ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर एक हजार से अधिक ग्रामीण आंदोलन में शामिल होंगे।




