रांची-न्यू गिरिडीह एक्सप्रेस से मिलेगी बसों के महंगे किराए से मुक्ति : अरुण जोशी

0

डीजे न्यूज, रांची : रांची रेल मंडल के डीआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने कहा है कि गिरिडीह, कोडरमा और हज़ारीबाग को रांची से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित रांची-न्यू गिरिडीह एक्सप्रेस का उद्घाटन कभी भी हो सकता है। यह ट्रेन न्यू गिरिडीह से चलकर धनवार, कोडरमा, हजारीबाग टाउन, बरकाकाना और मेसरा होते हुए रांची जाएगी। 13 कोचों की इस ट्रेन में एक जीपीएस प्रणाली से लैस पारदर्शी विस्टाडोम कोच भी होगा जो इस सफ़र को रोमांचक बनाएगा। गिरिडीह व हजारीबाग जिले के लोग जो सीधी रेल सुविधा न होने के कारण अब तक रांची पहुंचने के लिए बस यात्रा करने को विवश थे, उनके पास अब एक सस्ता विकल्प होगा। गिरिडीह से रांची तक नॉन एसी बस का किराया लगभग ₹300 है और एसी बस का किराया लगभग ₹450 है वहीं इस एक्सप्रेस ट्रेन से यह किराया मात्र ₹110-115 का ही लगेगा। इसके अलावा हजारीबाग से रांची तक जहां नॉन एसी बस का किराया लगभग ₹150 और एसी बस का किराया लगभग ₹200 है वहीं इस एक्सप्रेस ट्रेन से यह किराया मात्र ₹60-65 का ही लगेगा। गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग जिले वासियों की रांची की यात्रा सुगम व सस्ती बनाने के लिए उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी का आभार प्रगट किया है।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *