मधुबन में असंगठित मजदूर मोर्चा संग मिल माले ने दिखाई ताकत

0

मधुबन में असंगठित मजदूर मोर्चा संग मिल माले ने दिखाई ताकत

शहीद भगत सिंह जयंती पर मधुबन में असंगठित मजदूर मोर्चा की सभा, विनोद सिंह, अरुप चटर्जी व राजकुमार यादव ने किया संबोधित

डीजे न्यूज, पीरटांड, गिरिडीह: शहीद भगत सिंह की 117वीं जयंती के अवसर पर जैन तीर्थ नगरी मधुबन में असंगठित मजदूर मोर्चा के बैनर तले एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बगोदर के माले विधायक विनोद सिंह और निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मधुबन के सत्यनारायण भट्टाचार्य मैदान में स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। जहां सभी ने बारी-बारी से श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद एक विशाल रैली का आयोजन किया गया, जो पूरा मधुबन बाजार में भ्रमण करते हुए हटिया मैदान में एक सभा में तब्दील हो गई। इस सभा में अतिथियों ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

इस कार्यक्रम का आयोजन पहले मजदूर संगठन समिति के बैनर तले होता था, परंतु इस संगठन पर बैन लगने के बाद असंगठित मजदूर मोर्चा का गठन किया गया। इसी मोर्चे के नेतृत्व में भगत सिंह की जयंती मनाई गई। हालांकि, कार्यक्रम में माले के बैनर और झंडे अधिक दिखे, क्योंकि असंगठित मजदूर मोर्चा के बैनर आदि कम बने थे। अध्यक्ष अजित राय ने इस संबंध में स्पष्टीकरण दिया।

रैली में मजदूरों के शोषण बंद करने के नारे लगाए गए। नेताओं ने कहा कि मधुबन सहित पूरी दुनिया में मजदूरों का शोषण हो रहा है और सरकार के निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे मजदूरों का शोषण बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले मधुबन में 15 हजार डोली मजदूर थे, लेकिन अब केवल 1500 ही बचे हैं। प्रशासन की उदासीनता के कारण मजदूरों का हक छिन गया है।

कार्यक्रम में निताय महतो, दीपनारायण भट्टाचार्य, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, राजेश सिन्हा, अजित राय, द्वारिका राय, अनिल किशकु, मनोज महतो सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *