टुंडी में बरकरार रहा मथुरा का जलवा, बाघमारा-बेरमो ने बिगाड़ा खेल

0

टुंडी में बरकरार रहा मथुरा का जलवा, बाघमारा-बेरमो ने बिगाड़ा खेल 

भाजपा वोटों के भरोसे चंद्रप्रकाश दोबारा पहुंचे संसद, महतो बहुल क्षेत्रों में जयराम ने दोनों को पछ़ाड़ा  

विधायकों मेंं सिर्फ ढुलू ही अपने प्रत्याशी को अपने क्षेत्र में दिला सके बढ़त, सुदिव्य सोनू, बेबी देवी, अनूप सिंह और लंबोदर महतो खा गए मात 

सुस्मिता (गुड़िया), गिरिडीह : गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी और आइएनडीआइए प्रत्याशी मथुरा प्रसाद के बीच की आमने-सामने की लड़ाई को झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयराम महतो ने त्रिकोणीय बना दिया। इस त्रिकोणीय लड़ाई में भाजपा के परंपरागत वोटों के भरोसे चंद्रप्रकाश चौधरी दोबारा लोकसभा पहुंचने में सफल रहे। झामुमो प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो इस लड़ाई में 80880 वोटों से हार गए। इस हार के बावजूद मथुरा का अपने विधानसभा क्षेत्र टुंडी में जलवा बरकरार रहा। मथुरा यहां बढ़त लेने में सफल रहे।

टुंडी विधानसभा क्षेत्र में मथुरा प्रसाद महतो को 73771, चंद्रप्रकाश चौधरी को 72838 एवं जयराम कुमार महतो 59421 को वोट मिले। चंद्रप्रकाश बाघमारा और बेरमो में बड़ी बढ़त लेकर अपनी सीट बचाने में सफल रहे। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में यदि मथुरा चंद्रप्रकाश को रोक पाते तो आज परिणाम कुछ और होता। मथुरा को इसके अलावा गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में भी आशानुरूप समर्थन नहीं मिला। यहां चंद्रप्रकाश उन्हें 14 हजार से अधिक वोटों से पीछे रखने में सफल रहे।

बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में चंद्रप्रकाश को 81597, मथुरा को 51140

एवं जयराम को 46272 वोट मिले। इसी तरह बेरमो विधानसभा क्षेत्र में चंद्रप्रकाश को 84651, मथुरा को 59183 एवं जयराम को 53393 वोट मिले। इस तरह देखा जाए तो सिर्फ बाघमारा और बेरमो विधानसभा क्षेत्र से चंद्रप्रकाश ने मथुरा से करीब 60 हजार से अधिक वोटों की बढ़त ले ली। वहीं कुर्मी बहुल गोमिया और डुमरी विधानसभा क्षेत्र में जयराम महतो ने चंद्रप्रकाश और मथुरा दोनों को बुरी तरह से मात दे दी। गोमिया की बात करें तो यहां जयराम को 70828, चंद्रप्रकाश को 66488 एवं मथुरा को 58828 वोट मिले। डुमरी विधानसभा क्षेत्र में जयराम को 90541, मथुरा को 55421 एवं चंद्रप्रकाश को 52193 वोट मिले। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में चंद्रप्रकाश को 86901, मथुरा को 72082 एवं जयराम को 21786 वोट मिले। जयराम का सबसे खराब प्रदर्शन गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में रहा। कुल मिलाकर देखें तो गिरिडीह के झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, डुुमरी की झामुमो विधायक व मंत्री बेबी देवी, बेरमो के कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह एवं गोमिया के आजसू विधायक लंबोदर महतो अपने विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रत्याशियों को बढ़त नहीं दिला सके। बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो ही एकमात्र विधायक हैं जो अपने प्रत्याशी को न सिर्फ बढ़त बल्कि बड़ी बढ़त दिलाने में सफल रहे हैं। पिछड़ने वाले विधायकों को अब विधानसभा चुनाव की चिंता सताने लगी है।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *