विधायक कल्पना सोरेन के नेतृत्व में सोमवार से निकलेगी मंइयां सम्मान यात्रा 

0

विधायक कल्पना सोरेन के नेतृत्व में सोमवार से निकलेगी मंइयां सम्मान यात्रा 

डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर झारखण्ड मुख्यमंत्री मंइयाँ सम्मान योजना समेत अन्य योजनाओं को मिले अपार समर्थन, लोकप्रियता और सफलता को लेकर महिलाओं के प्रति आभार जताने के लिए 23 सितंबर से मंइयाँ सम्मान यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यह यात्रा गढ़वा के बंशीधर नगर स्थित श्री बंशीधर मंदिर से आरंभ होगी, जहां महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री श्रीमती बेबी देवी, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और विधायक कल्पना सोरेन उपस्थित रहेंगी।

 

मुख्यमंत्री का संकल्प है कि राज्य की महिलाएं पूरे मान-सम्मान और स्वाभिमान के साथ जिंदगी जी सकें। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राज्य की आधी आबादी का सशक्तिकरण किया जा रहा है। झारखण्ड मुख्यमंत्री मंइयाँ सम्मान योजना से अब तक रिकॉर्ड 45 लाख महिलाएं एवं बहन-बेटियां जुड़ी हैं, जिन्हें हर वर्ष 12 हज़ार रुपए सम्मान राशि दी जाएगी। इस योजना की पहली दो किस्त डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा चुकी है।

 

पलामू प्रमंडल में तीन दिन की मंइयाँ सम्मान यात्रा

 

मंत्री बेबी देवी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और विधायक कल्पना सोरेन मंइयाँ सम्मान यात्रा का नेतृत्व करेंगी। यह यात्रा 23 सितंबर को गढ़वा के बंशीधर नगर, रमना तथा मेराल से प्रारंभ होगी और 24 सितंबर को गढ़वा, मझियांव, हैदर नगर, हुसैनाबाद, छतरपुर, नावा मोड़ पाटन और दलित छात्रावास, डाल्टनगंज में होगी। 25 सितंबर को मेदिनी नगर, सतबरवा, बकोरिया, लातेहार, चंदवा, बालूमाथ, हेरहंज और पांकी में इस यात्रा के दरमियान कई आम सभाएं और कार्यक्रम होंगे, जहां महिलाओं से सीधा संवाद कर उनका आभार जताया जाएगा।

 

*महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं*

 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने कार्यकाल में महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। 50 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं, एकल महिला तथा परित्यक्ता को यूनिवर्सल पेंशन स्कीम का लाभ दिया जा रहा है। सावित्रीबाई किशोरी समृद्धि योजना से 9 लाख बच्चियों को जोड़ा गया है। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने के लिए 50 लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जा रही है, जिससे अब तक 36 हज़ार महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं।

 

मुख्यमंत्री का संकल्प है कि राज्य की आधी आबादी को इतना सशक्त बनाएं कि वे पूरे मान-सम्मान के साथ आगे बढ़ें और राज्य के विकास में भागीदार बनें।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *