जनहित मार्च से टुंडी में फूंका चुनावी बिगुल

0

जनहित मार्च से टुंडी में फूंका चुनावी बिगुल

माना पाठक ने टुंडी विधानसभा क्षेत्र में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई

डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : झारखंड जनहित मोर्चा ने टुंडी में जनहित यात्रा के तहत एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली में दर्जनों गांवों से सैकड़ों ग्रामीण बाइक पर शामिल हुए। रामपुर चौक से शुरू हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने झारखंड जनहित मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माना पाठक का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

रैली ने 20 किमी क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण किया। इस दौरान माना पाठक ने ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार करते हुए जनहित मोर्चा की दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। रैली महाराजगंज, कमारडीह, संग्रामडीह, दुर्गाडीह, लोधारिया, गादीटुंडी होते हुए टुंडी बाजार पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं के साथ इन्होंने पैदल मार्च किया और स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। निवासियों ने उत्साहित होकर उनका स्वागत किया और मौजूदा समस्याओं से अवगत कराया।

कारवां कोलहर मोड़ होते हुए मनियाडीह पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। समापन के दौरान माना पाठक ने उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया और टुंडी की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद भी टुंडी की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है और मूलभूत समस्याओं का अंबार है। रोजगार की कमी और ग्रामीणों के पलायन की समस्या पर भी उन्होंने प्रकाश डाला।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि आगामी चुनाव में अपने अच्छे प्रत्याशी का चयन करें ताकि वे ठगे न जाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता गीता देवी और संचालन मुरारी चौधरी ने किया। सभा में गोपाल पाण्डेय, अख्तर अंसारी, रेश्मा हांसदा, पार्वती पाण्डेय, निसार अहमद, कमल मिस्त्री, मुस्ताक अंसारी, अरुण रवानी, निजाम अंसारी, नंदकिशोर केवट, पंचानन गोप, केदार सिंह, मनोज उपाध्याय, मनोज दूबे और कुंदन पाण्डेय समेत कई लोगों ने संबोधित किया।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *