सड़क किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

0

सड़क किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

डीजे न्यूज, गिरिडीह : 

एनएच 114ए के सोनवाडीह के पास एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बेंगाबाद-मधुपुर मुख्य मार्ग के सोनवाडीह के पास की है। मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के रातडीह निवासी अरुण मंडल, पिता स्व. मुरली मंडल के रूप में हुई है।

मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ बेंगाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया है। मृतक के भाई छोटू कुमार ने बताया कि मंगलवार संध्या को गांडेय थाना क्षेत्र के असनबोनी निवासी संतोष मंडल ने उनके भाई अरुण मंडल को फोन कर बुलाया था। अरुण संध्या 6 बजे घर से निकला और रात लगभग 11:20 बजे सड़क किनारे गिरे होने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुँचने पर अरुण मंडल खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया गया।

छोटू कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व अरुण का बेंगाबाद के होटल संचालक अवतार पंडित के साथ झगड़ा हुआ था, जिसमें संतोष मंडल ने जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने बेंगाबाद थाना में अवतार पंडित, संतोष मंडल, लिलो मंडल और बजरंगी मंडल के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है।

बेंगाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव के अंतिम संस्कार में जुट गए थे। शव के घर पहुँचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने कांड संख्या 129/24 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दी है और घटनास्थल से एक हेलमेट भी बरामद किया है, जो मृतक का नहीं है।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *