टुंडी के युवा कांवरिया का शव पहुंचा बेहड़ा, पूरे इलाके में रोष के साथ मातम

0

भाजपा नेता ज्ञान रंजन ने असित मंडल की हत्या की घोर निंदा करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार करने व पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की

डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत बेहड़ा गांव निवासी एवं युवा कांवरिया 22 वर्षीय असित मंडल की लुटेरों ने बिहार के कटोरिया थाना क्षेत्र के छपरहिया धर्मशाला के पास गुरुवार की रात करीब 11 बजे चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वह विकास मंडल का पुत्र था। बेहड़ा निवासी विकास मंडल के पुत्र असित मंडल को सुल्तानगंज से देवघर कांवर ले जाने के क्रम में बिहार के कटोरिया में अपराधियों ने मोबाइल छीनने के क्रम में असित मंडल के विरोध करने पर उसे चाकू मार कर हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम के बाद कटोरिया पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद परिजन शव लेकर शुक्रवार को दोपहर बेहड़ा पहुंचे। शव के पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों के चीख और चित्कार से हर इंसान रो पड़ा था। सुबह से विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के लोगों का विकास मंडल के घर पर जुटान शुरू हो गया था। शव पहुंचने के बाद लोग गहरा आक्रोश एवं मातम में डूबे हुए थे। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य ज्ञान रंजन सिन्हा विकास मंडल के घर पहुंचे। दिवंगत असित मंडल को श्रद्धांजलि दी। साथ ही परिजनों से मिलकर सांत्वना ब्यक्त किया। कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे एवं परिवार को इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति दें। भाजपा नेता ज्ञान रंजन सिन्हा ने इस घटना की तीव्र निंदा करते हुए सभी हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने एवं पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सिन्हा के साथ ग्रामीण भाजपा के जिला महामंत्री दिनेश सिंह भी थे।

युवा कांवरिया की मौत से बेहड़ा समेत पूरे टुंडी के लोग शोक में डूब गए हैं। मोबाइल लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। असित अपने 13 अन्य साथियों के साथ जल लेकर एक सवारी गाड़ी पर सवार होकर बाबाधाम जा रहा था। सभी कांवरिया छपरहिया धर्मशाला के पास ठहरे हुए थे। असीत मंडल कांवरिया शौच के लिए धर्मशाला के पीछे जंगल की ओर गया था। जहां दो अज्ञात अपराधी उसके साथ लूटपाट करने लगे। अपराधियों ने उसका मोबाइल छीन लिया। असित द्वारा हल्ला करने पर बदमाशों ने उसके गले में चाकू घोंप दिया जिससे कांवरिया गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद अपराधी भाग गए। हल्ला सुनकर साथी कांवरिया दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी कांवरिया को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *