एनडीए और आइएनडीआइए की जंग को त्रिकोणीय बनाएगी अनीशा

0

एनडीए और आइएनडीआइए की जंग को त्रिकोणीय बनाएगी अनीशा 

गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में जागरूक जनता पार्टी की प्रत्याशी उतरीं मैदान में 

राधास्वामी संगठन के 15 वर्षों के कामकाज और कायस्थ वोटरों पर टिका है राजनीतिक भविष्य 

सुस्मिता (गुड़िया), गिरिडीह : गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में एनडीए और आइएनडीए के बीच सीधी लड़ाई होती रही है। इस लड़ाई में पिछले चुनाव में आइएनडीआइए के प्रत्याशी के रूप में झामुमो के सुदिव्य कुमार सोनू ने भाजपा प्रत्याशी सह विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी को पराजित कर गिरिडीह सीट पर कब्जा कर लिया था। इस बार भी आइएनडीआइए प्रत्याशी के रूप में झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का मैदान में उतरना तय है। कांग्रेस, राजद और वामदलों का समर्थन झामुमो को यहां मिलेगा। वहीं एनडीए से भाजपा प्रत्याशी देगी। आजसू यहां भाजपा को समर्थन करेगी। भाजपा से मैदान में कौन उतरेगा, यह अभी तक तय नहीं हो सका है। कोडरमा के पूर्व सांसद व प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. रविंद्र कुमार राय, पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, कोडरमा सांसद के प्रतिनिधि दिनेश यादव, बार एसोसिएशन के महासचिव चुन्नूकांत, पूर्व डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ, समाजसेवी विनोद सिन्हा समेत कई नेता यहां से भाजपा टिकट के दावेदार हैं। एनडीए और आइएनडीआइए के इस जंग में तीसरा केंद्र बनने के लिए जागरूक जनता पार्टी ने अनीशा सिन्हा को मैदान में उतार दिया है। जागरूक जनता पार्टी ने गिरिडीह के अलावा गांडेय विधानसभा क्षेत्र से अपने प्रत्याशी की घोषणा की है।

अनीशा सिन्हा जागररूक जनता पार्टी सह राधास्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार सिन्हा की पत्नी हैं। वह खुद राधास्वामी संगठन की कार्यकारी गिरिडीह जिलाध्यक्ष हैं। भले ही चुनाव की अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन वह गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर चुकी है। राधास्वामी संगठन की पूरी टीम उनके साथ मोर्चा संभाल रही है। अनीशा सिन्हा एवं उनके पति मुकेश कुमार सिन्हा ने देवभूमि झारखंड न्यूज को बताया कि उनका संगठन राधास्वामी संगठन ने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में अब तक जो कार्य किया है, वही उनकी पूंजी है। उसी पूंजी के बल पर वह जनता के आग्रह पर चुनाव लड़ रही हैं। कायस्थ समाज से आने वाली अनीशा सिन्हा का एक बड़ा आधार कायस्थ वोटर हैं। विदित हो कि गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में करीब 30 हजार से अधिक कायस्थ वोटर हैं। गांडेय से अल्पसंख्यक प्रत्याशी देकर जागरूक जनता पार्टी गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में अल्पसंख्यक समुदाय को भी आकर्षित करने की कोशिश कर रही है। अनीशा ने बताया कि अब तक गिरिडीह जिले में राधास्वामी संगठन पांच सौ निश्शुल्क कोचिंग सेंटर चला रहा है। इसके लिए पांच सौ शिक्षकों को मानदेय दे रहे हैं। तीन हजार से अधिक महिलाओं का समूह बनाकर उन्हें रोजगार दिया जा रहा है। दस से पंद्रह हजार बेटियों के विवाह में उनका संगठन सहयोग कर चुका है। इन कार्यों को लेकर वह जनता के बीच जा रही हैं।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *