पारसनाथ वन क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सफेद पत्थर लदा हाइवा जब्त 

पारसनाथ वन क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सफेद पत्थर लदा हाइवा जब्त

डीजे न्यूज, पीरटांड़(धनबाद) : पारसनाथ वन क्षेत्र में अवैध सफेद पत्थर के कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सफेद पत्थर लदे हाइवा ट्रक को जब्त किया। कार्रवाई के बाद अवैध खनन एवं तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर डीएफओ मनीष तिवारी के निर्देश पर पारसनाथ रेंज के रेंजर एसके रवि के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने खुखरा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। अभियान के दौरान भारी मात्रा में सफेद पत्थर लदे ट्रक को जब्त कर पारसनाथ रेंज कार्यालय लाया गया। यहां वाहन के कागजात तथा खनिज की वैधता की जांच की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच में वाहन मालिक, चालक, अवैध खनन से जुड़े लोगों तथा पूरे सप्लाई नेटवर्क की भूमिका खंगाली जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वन एवं खनन अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि खुखरा थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय से अवैध रूप से सफेद पत्थर का खनन और कारोबार संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। पत्थरों का भंडारण कर रात के समय ट्रकों के माध्यम से विभिन्न फैक्ट्रियों एवं अन्य स्थानों तक भेजा जाता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वन विभाग ने कार्रवाई की। छापेमारी अभियान में वन विभाग के पंकज कुमार, गौतम कुमार, अमर कुमार समेत अन्य वनकर्मी शामिल थे। विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top