पूर्वी टुंडी में एक दिन में दो बाइक चोरी, लोगों में रोष
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग स्थानों से दो बाइकों की चोरी होने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। दोनों मामलों में पीड़ितों ने पूर्वी टुंडी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पहली घटना कुरकुटांड़ गांव की है, जहां शनिवार तड़के करीब तीन बजे सब्जी विक्रेता बिमल मंडल के घर के बाहर खड़ी उनकी स्प्लेंडर प्रो बाइक संख्या जेएच 10 एके 3619 चोरी हो गई। बिमल मंडल ने बताया कि बाइक पर सब्जियों की टोकरियां लदी हुई थीं, जिन्हें चोर कुछ दूरी पर झाड़ियों में फेंककर बाइक लेकर फरार हो गए। दूसरी घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पिपराटांड़ में हुई। फतेहपुर निवासी विक्रम मरांडी अपनी बाइक संख्या जेएच 10 सी डब्लू 4798 से ससुराल पहुंचे थे। उसने बाइक घर के बाहर खड़ी कर अंदर चले गए। कुछ देर बाद बाहर निकलने पर बाइक गायब मिली। दोनों पीड़ितों ने पूर्वी टुंडी थाना में लिखित शिकायत देकर बाइक बरामद करने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।