Advertisements

डीसीए ग्रीन ने ब्लू को हराकर इमेजिका चैलेंजर टूर्नामेंट का खिताब जीता

दुर्गा मुर्मू बनी प्लेयर आफ द टूर्नामेंट 

डीजे न्यूज, धनबाद : नेहा साव के आलराउंड प्रदर्शन की मदद से डीसीए ग्रीन ने डीसीए ब्लू को 42 रनों से हराकर इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग (महिला) का खिताब जीत लिया है। शनिवार को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में खेले गए फाइनल में डीसीए ब्लू ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। डीसीए ग्रीन ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 122 रन बनाए। नेहा साव ने 35, अंजली सोरेन ने 27, अंकिता मौर्य ने 20 और किंजल सिंह ने 19 रन बनाए। डीसीए ब्लू के लिए वृष्टि कुमारी, जूली कुमारी और सानिया परवीन ने एक-एक विकेट लिए। बाद में डीसीए ब्लू की टीम नेहा साव और माही कुमारी की घातक गेंदबाजी के सामने 15.3 ओवर में 80 रन बनाकर ढेर हो गई। दुर्गा मुर्मू ने 36 और मिली सोनकर ने 12 रन बनाए। नेहा साव ने छह पर चार और माही कुमारी ने दो रन पर चार विकेट झटके। रिया कुमारी यादव ने 19 पर एक विकेट लिए। नेहा साव को प्लेयर आफ द फाइनल चुना गया।

बाद में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पश्चिम बर्द्धमान के कोआपरेटिव डेवलपमेंट अधिकारी व जेएससीए के सदस्य अभिजीत घोष ने विजेता, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास व डीसीए के उपाध्यक्ष जावेद खान ने उपविजेता टीम को ट्राफी प्रदान किया। प्लेयर आफ द टूर्नामेंट चुनी गईं दुर्गा मुर्मू को टूर्नामेंट के आबजर्वर असीम सहाय ने पुरस्कार सौंपा। इसके अलावा टूर्नामेंट के प्लेयर और द मैच चुनी गईं खिलाड़ियों को मैदान में आईं अभिभावक हीना खातून, अमुना कुमारी, श्वेता जी एवं वाश्वती मौर्य के अलावा डीसीए के डा. राजशेखर, संजय यादव व सुधीर पांडेय ने पुरस्कार प्रदान किया। डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि डीसीए सदैव उनकी सहायता के लिए खड़ी रहेगी। टूर्नामेंट के आब्जर्वर अशीत सहाय ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अपने विचार रखते हुए उनकी खामियों पर चर्चा करते हुए उन्हें दूर करने को कहा। इस अवसर पर डीसीए के सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, कार्यकारिणी सदस्य सुनील कुमार व द्वारिका तिवारी, अंपायर संजीत कुमार सिंह व सुमित्रा सोय व स्कोरर सौरव सिंह उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top