स्विचरूम में सेंधमारी कर 50 हजार मूल्य के केबल चोरी, जलापूर्ति ठप
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
महुदा-मधुबन थाना सीमा क्षेत्र के नावागढ़ बस्ती के शिव मंदिर मंडप के पास स्थित खरखरी जलापूर्ति योजना के स्वीचरूम में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर करीब 30 फीट लंबा कॉपर केबल काटकर चलते बने। चोरी गए केबल की कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।
केबल काटने से शुक्रवार सुबह से खरखरी, फुलारीटांड, बासजोड़ा और तारंगा सहित चार पंचायतों के दर्जनों गांव-टोले पानी के लिए तरस रहे हैं। पंप हाउस मोहल्ले से कुछ ही कदम की दूरी पर है, फिर भी चोर आसानी से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
आज सुबह मोटर चालू करने पहुंचे जलापूर्ति समिति के पंप चालकों को चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने महुदा थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के बाद महुदा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी 3-4 बार इसी स्वीचरूम की दीवार तोड़कर सामान चोरी हो चुका है। बार-बार एक ही जगह चोरी से ग्रामीण दहशत में हैं।