विशेष सत्र में विज्ञान को बनाया आसान और रोचक

Advertisements

विशेष सत्र में विज्ञान को बनाया आसान और रोचक

डीजे न्यूज, धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के बच्चों तथा अन्य वंचित वर्ग के छात्रों के बीच साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथेमेटिक्स (STEM) शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आइआइटी-आइएसएम धनबाद द्वारा चलाए जा रहे नियमित शैक्षणिक कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विशेष कक्षाओं का आयोजन किया गया। स्टेम शिक्षा का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, समस्या समाधान कौशल और नवाचार की भावना विकसित करना है।

संस्थान के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग के प्रो. रश्मि सिंह और प्रो. नीलाद्रि दास के मार्गदर्शन में संचालित यह कार्यक्रम कंपनी की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी पहल के तहत चल रहा है। इसके अंतर्गत कक्षा 9 और 10 के छात्रों के लिए भगीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल, गर्ल्स हाई स्कूल रेलवे कॉलोनी भागा तथा एच.एस. भूली नगर में नियमित कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

आज आयोजित विशेष सत्र में छात्रों को इंटरैक्टिव और छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से विज्ञान और गणित के विभिन्न विषयों को समझाया गया। कक्षाओं का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम आधारित ज्ञान तक सीमित न रहकर छात्रों में विश्लेषणात्मक सोच, तार्किक तर्क क्षमता, रचनात्मकता और जिज्ञासा को बढ़ावा देना है।

प्रो. रश्मि सिंह ने कहा कि यह पहल छात्रों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी की दुनिया से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें उच्च शिक्षा और बेहतर करियर विकल्पों के लिए तैयार करने का प्रयास है। प्रो. नीलाद्रि दास ने कहा कि नियमित अकादमिक सहयोग से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी सीखने की क्षमता में सकारात्मक बदलाव आता है।

मालूम हो कि हाल के महीनों में संस्थान द्वारा नावागढ़, झरिया, राजगंज और भागा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में स्टेम आउटरीच कार्यक्रम और हैंड्स-ऑन विज्ञान गतिविधियां भी आयोजित की गई हैं। इन कार्यक्रमों को छात्रों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

संस्थान और बीसीसीएल का यह संयुक्त प्रयास आने वाले समय में भी जारी रहेगा ताकि कोलफील्ड क्षेत्रों के अधिक से अधिक छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण और व्यवहारिक शिक्षा का लाभ पहुंचाया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top