डुमरी में एसआईआर के दूसरे दिन बीएलओ व बीएलओ-2 को मिला प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, डुमरी(गिरिडीह) : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय दिवस आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 71 से 211 तक के बीएलओ एवं बीएलओ-2 ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें जानकारी दी गई कि डुमरी विधानसभा क्षेत्र में अब तक कुल 91 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है।
प्रशिक्षकों ने बताया कि शेष 9 प्रतिशत मतदाताओं में मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं दोहरी प्रविष्टि (डुप्लीकेट) वाले मतदाताओं को चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। इस प्रक्रिया का सत्यापन राजनीतिक दलों द्वारा उपलब्ध कराए गए बीएलओ-2 तथा संबंधित बीएलओ के हस्ताक्षर से किया जाएगा। इसके बाद तैयार एएसडीडी सूची को अग्रतर कार्रवाई के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
बताया गया कि एएसडीडी मतदाताओं को सूची से पृथक करने के बाद लगभग 18 से 20 हजार मतदाता अनमैप्ड शेष रह जाएंगे। ऐसे मतदाताओं से निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 दस्तावेजों में से उम्र के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करते हुए प्रारूप मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार महतो, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर मंडल के साथ-साथ मतदान केंद्र संख्या 71 से 211 तक के सभी बीएलओ एवं बीएलओ-2 उपस्थित थे। प्रशिक्षण निर्वाचन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर सह मास्टर प्रशिक्षक सुजीत कुमार पाठक द्वारा दिया गया।