विधायक मद के वाटर टैंकर के अवैध संचालन का मामला गरमाया
विधायक रागिनी सिंह पहुंचीं झरिया थाना
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : झरिया विधानसभा क्षेत्र में विधायक मद से निर्गत वाटर टैंकर के कथित अवैध संचालन को लेकर रविवार को राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सड़क पर चलते वक्त एक ऐसे वाटर टैंकर को पकड़ा, जिसे नगर निगम द्वारा पूर्व में झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह के कार्यकाल में निर्गत किया गया था।आरोप है कि उक्त टैंकर को पूर्व विधायक प्रतिनिधि और उनके सहयोगियों द्वारा छुपाकर अवैध रूप से संचालित कराया जा रहा था। विधायक रागिनी सिंह के अनुसार, टैंकर को पकड़ने के बाद उसे जल्दबाजी में एक निजी आवास में छुपा दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वह तत्काल झरिया थाना पहुंचीं और पूरे प्रकरण की शिकायत झरिया थाना में दर्ज कराई।
विधायक रागिनी सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से विभाग को बिना सूचित किए उक्त टैंकर का उपयोग अवैध रूप से किया जा रहा था। टैंकर पर नंबर प्लेट भी नहीं है, जिससे इसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं। उन्होंने मांग की कि टैंकर को विधायक प्रतिनिधि के आवास से बरामद कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने विधायक को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।