पीरटांड़ में झामुमो ने दिया भाजपा को बड़ा झटका, डेढ़ सौ से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा तीर धनुष

0

पीरटांड़ में झामुमो ने दिया भाजपा को बड़ा झटका, डेढ़ सौ से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा तीर धनुष

डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह : पीरटांड़ में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) युवा मोर्चा के बैनर तले आयोजित मिलन समारोह में गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और केंद्रीय समिति सदस्य सुमित कुमार की उपस्थिति में 150 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़कर जेएमएम का दामन थाम लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन नवीन भदानी और सतीश भदानी (मंडलाध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष माहुरी मंडल समाज पालगंज) की अगुवाई में हुआ।

इस मिलन समारोह में सतीश बर्णवाल के नेतृत्व में बर्णवाल समाज, रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में हलवाई समाज, गोपाल राम के नेतृत्व में माहुरी समाज और हीरापुर से नकुल पण्डित के नेतृत्व में कुम्हार समाज का समर्थन प्राप्त था। विदित हो कि पीरटांड़ में माहुरी समाज, बर्णवाल समाज, गुप्ता समाज आदि भाजपा के कोर वोटर रहे हैं। नवीन भदानी और सतीश भदानी की अगुवाई में पीरटांड़ में इतनी बड़ी टूट भाजपा के भविष्य के विधानसभा चुनाव में चिंता का सबब बन सकती है।

सभा को संबोधित करते हुए नवीन भदानी ने इस टूट का मुख्य कारण पीरटांड़ भाजपा की दोहरी नीति और स्थानीय भाजपा नेताओं की षड्यंत्रकारी नीतियों द्वारा पीरटांड़ की जनता को प्रताड़ित करना बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में काफी अंतर है। विशेष लोगों के अलावा पीरटांड़ के नेता सभी वर्गों पर अत्याचार करने में लगे हुए हैं। भविष्य में जेएमएम के झंडे तले पीरटांड़ में भाजपा को शून्य वोट मिलेगा।

गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जेएमएम आंदोलकारी पार्टी है जो किसी भी षड्यंत्र और छल का पुरजोर विरोध करती है। सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए जो भी शोषण करने वाले वर्ग हैं, उनके हर षड्यंत्र को नाकाम किया जाएगा। जेएमएम में शामिल हर कार्यकर्ता का सम्मान अब जेएमएम के सम्मान से जुड़ा हुआ है और भविष्य में किसी भी षड्यंत्र का जवाब ईंट से पत्थर से दिया जाएगा।

इस मिलन समारोह में उपमुखिया चिरकी अमित साव, मो. कलीम अंसारी खरपोका, मनीष जैन मधुबन, अमित हेम्ब्रम कमरकोचा आदि ने भी अपने दल बल के साथ जेएमएम की सदस्यता ली।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *