गिरिडीह विधानसभा सीट में भाजपा में एक अनार सौ बीमार

0

गिरिडीह विधानसभा सीट में भाजपा में एक अनार सौ बीमार

निर्भय शाहाबादी, सुरेश साव, दिनेश यादव, प्रकाश सेठ, विनोद सिन्हा, विनय सिंह, प्रो. विनीता, चुन्नूकांत समेत कई नेता हैं टिकट के रेस में, बाबूलाल-अन्नपूर्णा पर है सभी की निगाहें

सुस्मिता, गिरिडीह : गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट लेने के लिए नेताओं में घमासान मचा हुआ है। कुल मिलाकर यहां स्थिति एक अनार सौ बीमार वाली है। पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश कुमार साव, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के सांसद प्रतिनिधि व नगर निगम के पूर्व चेयरमैन दिनेश यादव, नगर निगम के पूर्व प्रभारी मेयर प्रकाश सेठ, समाजसेवी विनोद कुमार सिन्हा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुन्नूकांत, भाजपा ओबीसी मोर्चा की नेता विनय सिंह, प्रो. विनीता कुमारी समेत कई नेता गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के रेस में हैं। इसके अलावा भी कई नेता हैं जो टिकट के लिए रांची से लेकर दिल्ली तक लाबिंग कर रहे हैं।

सभी की निगाहें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी एवं केंद्रीय मंत्री व कोडरमा की सांसद  अन्नपूर्णा देवी पर टिकी हैं। गिरिडीह जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में टिकट के बंटवारे में बाबूलाल-अन्नपूर्णा की मुख्य भूमिका होगी। यही कारण है कि सभी दावेदार इन दोनों नेताओं का आशीर्वाद लेने में जुटे हैं। बहरहाल बाबूलाल और अन्नपूर्णा का आशीर्वाद किसे मिलता है, यह आने वाले समय में ही पता चल सकेगा। वैसे सभी दावेदारों ने पूरे गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सभी खुद को संभावित प्रत्याशी मानकर क्षेत्र में उतर चुके हैं।

विदित हो कि गिरिडीह विधानसभा सीट भाजपा की परंपरागत सीट रही है। भाजपा इस सीट पर बराबर जीतते रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में झामुमो के सुदिव्य कुमार सोनू ने भाजपा विधायक निर्भग कुमार शाहाबादी को हराकर इस सीट पर कब्जा किया है। इस बार भी भाजपा का यहां मुकाबला झामुमो के सुदिव्य कुमार सोनू से होगा। कांग्रेस यहां झामुमो और आजसू यहां भाजपा का समर्थन कर रही है। जेबीकेएसएस प्रमुख जयराम महतो यहां प्रत्याशी उतारकर लड़ाई को त्रिकोणीय बनाएंगे। यहां हम आपको बता दें कि गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में भाजपा और पीरटांड़ प्रखंड में झामुमो की स्थिति मजबूत रहती है।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *