भव्य कलश यात्रा के साथ ओमकारेश्वर श्री शिवालय मंदिर प्राण प्रतिष्ठा शुरू
भक्ति के रंग में रंगा चित्रगुप्त कालोनी, मंगलवार को भंडारे के साथ होगा समापन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पावर हाउस चित्रगुप्त कालोनी में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ ओमकारेश्वर श्री शिवालय मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरू हो गया। यह समारोह तीन दिनों तक चलेगा। सुबह नौ बजे कलश यात्रा उसरी नदी से निकली जो भ्रमण करते हुए चित्रगुप्त कालोनी पहुंची। सैकड़ों महिलाएं कलश में जल लेकर चल रही थीं। देवीपूजन और देवताओं का आह्वान किया गया। कलश यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता नुनूलाल मरांडी, बार एसोसिएशन के सचिव चुन्नूकांत, भाजपा नेता नवीन सिन्हा, उमेश प्रसाद सिन्हा, विकास सिन्हा, सुबोध अंबष्ठ, सुधीर अंबष्ठ, जयकिशोर प्रसाद, राकेश सिन्हा, संदीप सिन्हा, सुरभि, रिंसू, सोनल, गोलू, बिट्टू समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे।
दूसरे दिन सोमवार को सुबह दस बजे देवताओं का अधिवास एवं स्थान पर विराजमान होगा। शाम सात बजे से भजन संध्या होगी। तीसरे और अंतिम दिन मंगलवार को सुबह 11 से 12 बजे तक प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके बाद गुंबद पर जलाभिषेक होगा। दोपहर दो बजे से हवन एवं शाम पांच बजे से भंडारे का आयोजन होगा। यह आयोजन श्री शिवालय पूजा समिति मेट्रोस गली पावर हाउस बरगंडा चित्रगुप्त कालोनी कर रहा है।