जब आजादी की लड़ाई शुरू भी नहीं हुई थी, तब भी आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह कर दिखाई थी अपनी ताकत : हेमंत 

जब आजादी की लड़ाई शुरू भी नहीं हुई थी, तब भी आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह कर दिखाई थी अपनी ताकत : हेमंत 

मुख्यमंत्री ने 1837 विद्रोह के वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

डीजे न्यूज, पश्चिमी सिंहभूम : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो प्रखंड स्थित सेरेंगसिया में आयोजित 1837 विद्रोह के शहीदों के शहादत दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूर्वजों की तपस्या, त्याग और बलिदान से ही आज आदिवासियों को अलग पहचान और ताकत मिली है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 4 अरब 12 करोड़ 24 लाख 96 हजार रुपये की लागत से 246 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही 54,946 लाभार्थियों के बीच 3 अरब 62 करोड़ 80 लाख 99 हजार रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया और 135 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

 

मुख्यमंत्री ने आदिवासियों को मजबूत बनने का दिया संदेश

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती वीर शहीदों और आंदोलनकारियों की भूमि रही है। जब देश की आजादी की लड़ाई शुरू भी नहीं हुई थी, तब भी आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह कर अपनी ताकत दिखाई थी। उन्होंने कहा कि आज भी आदिवासियों को आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से मजबूत होने की जरूरत है।

 

शहादत दिवस से होती है वर्ष की शुरुआत

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में शहीदों की शहादत को याद करने की परंपरा वर्ष की शुरुआत से ही होती है। 1 जनवरी को खरसावां गोलीकांड के शहीदों को नमन किया जाता है। हमारी सरकार शहीदों और उनके आश्रितों को सम्मान और उनके हक-अधिकार दिलाने के लिए संकल्पित है।

अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष, अब हक-अधिकार की लड़ाई

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को अलग राज्य बनाने के लिए दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में 40-50 वर्षों तक लंबा संघर्ष करना पड़ा। आदिवासियों ने अपने अधिकारों के लिए बलिदान दिया, लेकिन अलग राज्य बनने के बावजूद पूर्व की सरकारों ने राज्य और इसके लोगों के विकास की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमने लड़कर झारखंड लिया, अब अपने अधिकार भी लेकर रहेंगे।

 

झारखंड के खनिज संसाधनों से देश हो रहा रोशन, लेकिन राज्य आज भी पिछड़ा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है, जहां से पूरे देश को ऊर्जा मिलती है, लेकिन दुर्भाग्य से यह राज्य आज भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

 

महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जो बहन-बेटियों को हर महीने 2500 रुपये सम्मान राशि दे रहा है। उन्होंने महिलाओं से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग उनके पैसों पर नजर गड़ाए हुए हैं, लेकिन सरकार उन्हें सही रास्ता दिखाएगी। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित करें।

 

गरीबों को पैरों पर खड़ा करने की जरूरत

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसी गरीब को अपने इलाज या जरूरतों के लिए सरकारी अनाज और बच्चों की साइकिल बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार हर गरीब परिवार को इतना सक्षम बना रही है कि उन्हें किसी चीज की कमी न हो।

 

“आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम से हो रही लोगों की समस्याओं का समाधान

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लोगों की समस्याओं को उनके दरवाजे पर ही हल करने की व्यवस्था कर रही है। अब जनता को ब्लॉक और जिला कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि प्रशासनिक टीमें खुद उनके पास जाएंगी।

 

246 योजनाओं की सौगात, करोड़ों की परिसंपत्तियों का वितरण

 

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 246 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें –

 

178 योजनाओं का शिलान्यास (लागत – 3 अरब 15 करोड़ 27 लाख 70 हजार 359 रुपये)

 

68 योजनाओं का उद्घाटन (लागत – 96 करोड़ 97 लाख 26 हजार 600 रुपये)

 

54,946 लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण (लागत – 3 अरब 62 करोड़ 80 लाख 99 हजार रुपये)

 

जेएसएलपीएस के तहत 6999 महिलाओं को 87 करोड़ 78 लाख रुपये का कैश क्रेडिट लिमिट

 

6963 महिलाओं को 85 करोड़ 86 लाख रुपये का बैंक लिंकेज

 

135 लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए

 

 

समारोह में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे शामिल

 

इस मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा, मंत्री रामदास सोरेन, सांसद जोबा मांझी, विधायक कल्पना सोरेन, निरल पूर्ति, सोनाराम सिंकू, जगत मांझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, प्रमंडलीय आयुक्त हरि प्रसाद केशरी, जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित कई अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top